IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

इस्लामाबाद जाएंगे पीएम मोदी! आखिर क्यों अपने यहां बुला रहा है पाकिस्तान?

Pakistan News: पाकिस्तान सरकार ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस्लामाबाद आने का न्योता भेजा है. पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, यह न्योता शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के लिए भेजा गया है. यह बैठक अक्टूबर माह में आयोजित होगी.

Social Media
India Daily Live

Pakistan News: आर्थिक तंगहाली का सामना कर रहे पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के नेताओं की बैठक के लिए पीएम मोदी को न्यौता भेजा है. यह बैठक अक्टूबर में होगी. पाकिस्तानी समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, प्रेस वार्ता के दौरान विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने कहा कि बैठक में भाग लेने के लिए देशों के प्रमुखों को निमंत्रण भेजा गया है.  यह बैठक 15-16 अक्टूबर को आयोजित होगी. 

रिपोर्ट में बलूच के हवाले से कहा गया है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निमंत्रण भेजा गया है.  बलूच ने कहा कि कुछ देशों ने पहले ही शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शासनाध्यक्षों की बैठक में भाग लेने की पुष्टि कर दी है. उन्होंने कहा कि समय आने पर यह बताया जाएगा कि किस देश ने पुष्टि की है.

तनावपूर्ण संबंधों का इतिहास 

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों का लंबा इतिहास रहा है.  इसका मुख्य कारण कश्मीर मुद्दा और पाकिस्तान से होने वाला सीमा पार आतंकवाद है.  भारत यह कहता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसी संबंध चाहता है लेकिन पाक से उम्मीद करता है कि वह आतंक और सीमा पर शत्रुता से मुक्त माहौल तैयार करे. 

क्या है SCO ब्लॉक? 

एससीओ शिखर सम्मेलन से पहले मंत्रिस्तरीय बैठक और वरिष्ठ अधिकारियों की कई दौर की बैठकें की जाएंगी. इन बैठकों में  एससीओ सदस्य देशों के बीच वित्तीय, आर्थिक, सामाजिक-सांस्कृतिक और मानवीय सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. एससीओ भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान से मिलकर बना एक प्रभावशाली आर्थिक और सुरक्षा ब्लॉक है. बीते कुछ सालों के अंदर यह सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय संगठनों में से एक के रूप में उभरा है.

भारत ने माहौल खराब किया 

भारत के साथ संबंधों के बारे में पूछे जाने पर प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान का भारत के साथ कोई सीधा द्विपक्षीय व्यापार नहीं है. 5 अगस्त, 2019 को भारतीय संसद द्वारा अनुच्छेद 370 को निलंबित करने के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ अपने संबंधों को कमतर कर दिया. पाक सरकार का मानना है कि भारत के इस कदम ने दोनों देशों के बीच बातचीत के माहौल को कमजोर कर दिया.