तलवारबाजी से सहमा लंदन, हमलावर ने पुलिस अधिकारियों सहित कई लोगों को किया घायल 

UK News: पूर्वी लंदन में एक सिरफिरे शख्स ने तलवारबाजी से कई लोगों को घायल कर दिया है. संदिग्ध ने पुलिस अधिकारियों पर भी हमला किया है. यह घटना ट्यूब स्टेशन की बताई जा रही है.

India Daily Live

UK News: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में तलवारबाजी की खबर सामने आने के बाद दहशत फैल गई. लोगों ने एक शख्स को तलवार लहराते हुए  देखा. पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने वहां पर मौजूद लोगों के अलावा पुलिस अधिकारियों पर भी हमला किया है. हमलावर ने कई लोगों को चाकू मारा है. हमलावर ने इससे पहले अपनी कार एक घर में घुसा दी थी. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना पूर्वोत्तर लंदन के ट्यूब स्टेशन की बताई जा रही है. 

रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हमलावर को पकड़ लिया है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 36 साल के संदिग्ध व्यक्ति ने आम लोगों सहित दो पुलिस अधिकारियों पर हमला किया है. इस घटना की सूचना मेट्रोपॉलिटिन पुलिस को सुबह 7 बजे के आसपास मिली थी.  

डिप्टी असिस्टेंट कमिश्नर एडे एडलेकन ने घायलों के प्रति सहानुभूति जताई है. उन्होंने कहा कि वे महसूस कर रहे हैं कि हमले के समय वहां मौजूद लोगों की क्या स्थिति रही होगी. उन्होंने आगे कहा कि हम लोगों को बताना चाहते हैं कि घबराने वाली कोई बात नहीं है. पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया है. इस हमले से जुड़े किसी अन्य संदिग्ध हमलावर के सबूत नहीं हैं.