Donald Trump Fraud Case: धोखाधड़ी केस में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप न्यूयॉर्क की एक अदालत में पेश हुए. पेशी के दौरान ट्रंप के आक्रामक रुख से जज विफर गए. दरअसल सुनवाई के दौरान वह जज और अटॉर्नी जनरल से बार-बार अपने खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते रहे. ट्रंप से नाराज जज ने ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि यह तुम्हारी राजनीतिक रैली नहीं है, सिर्फ सवालों के जवाब दो.
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने और उनके दोनों बेटों ने अपनी संपत्तियों की कीमत का कम आकलन दिखाकर कर्ज और बीमा से जुड़ी राशि का फायदा लिया है. रिपोर्ट के अनुसार, लगाए गए आरोप आपराधिक नहीं है यानी उन्हें जेल नहीं होगी लेकिन उन्हें भारी-भरकम जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है. सुनवाई के दौरान कोर्ट यह तय करेगा कि ट्रंप ने इस धोखाधड़ी से जो फायदा लिया है उस पर कितना जुर्माना तय किया जाए.
अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने ट्रंप के ऊपर फेक डॉक्यूमेंट बनाने, गलत वित्तीय स्टेटमेंट जारी करने और बीमा में धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं. सुनवाई के दौरान ही पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जज से भिड़ गए. उन्होंने जज और अटॉर्नी जनरल पर डेमोक्रेटिक पार्टी से मिले होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सुनवाई कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखकर नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि सुनवाई जिस तरह हो रही है उससे तो यही लगता है कि वह दोषी पहले ही करार दिये जा चुके हैं.
ट्रंप के बार-बार लगाए जा रहे आरोपों से जज एंगोरोन नाराज हो गए. उन्होंने ट्रंप के वकील से कहा कि आप अपने मुवक्किल को समझाएं. उन्होंने एक ही रट लगा रखी है, उन्हें शांत कराइए. जज ने ट्रंप को कहा कि यह तुम्हारी कोई राजनीतिक रैली नहीं है यहां पूछे जा रहे सवालों के सिर्फ जवाब दो. ट्रंप ने सुनवाई के दौरान लगाए जा रहे आरोपों को साजिश करार दिया. ट्रंप ने उन आरोपों को भी खारिज कर दिया जिसमें कंपनी के वित्तीय स्थिति के बयान धोखाधड़ी वाले थे. ट्रंप ने दोनों ही बार बंद कमरों में गवाही दी है.
यह भी पढ़ेंः US में भारतीयों के साथ हेटक्राइम की घटनाओं में इजाफा, भारतीयों के प्रभाव से सशंकित अमेरिकी कट्टरपंथी