'दखल दिया तो बढ़ेगा तनाव', स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान की नई चेतावनी

अमेरिका के साथ जारी शांति वार्ता के बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर सख्त रुख अपनाया है. विदेश मंत्री अब्बास अरघाची ने कहा कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर केवल ईरान का नियंत्रण है और किसी भी बाहरी दखल से तनाव बढ़ सकता है तथा जहाजों की सामान्य आवाजाही प्रभावित हो सकती है.

X (@IsraelSpoofX)
Shanu Sharma

मिडिल ईस्ट में बढ़ रहे तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरघाची ने रविवार को एक नई चेतावनी जारी की है. उन्होंने साफ कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पूरी तरह से तेहरान का नियंत्रण है, अगर किसी ने भी इसे चुनौती देने की कोशिश की तो इलाके में एक बार फिर तनाव तेज हो सकता है.

अरघाची ने कहा कि ऐसा करने पर समुद्री रास्ते को खोलने में देरी होगी, जिसके कारण परेशानी बढ़ सकती है. साथ ही उन्होंने सभी पक्षों से अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते यानी एमओयू में लिखी गई बातों का ध्यान रखने को कहा है.

एमओयू पालन करने का आग्रह

ईरान के विदेश मंत्री ने बगदाद दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए साफ कहा कि होर्मुज की पूरी जिम्मेदारी इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की है. इस मामले में कोई दूसरा पक्ष या देश शामिल नहीं है. उन्होंने कहा कि IRGC द्वारा अभी किए जा रहे इंतजामों से अलग या नए इंतजाम करने की कोशिश करने पर मुश्किलें बढ़ सकती हैं.


साथ ही होर्मुज को पूरी तरह से खुलने में देरी भी हो सकती है और तनाव भी बढ़ सकता है, जिस तरह पहले भी देखा गया है. उन्होंने दोनों देशों के बीच साइन किए गए एमओयू के पालन करने का आग्रह किया है. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है, जिसमें होर्मुज समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की जा रही है.

डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी

अमेरिका और ईरान के बीच एमओयू पर साइन होने के बाद भी दोनों देशों के बीच तनाव देखने को मिला है. पनामा के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर हुए ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू की. साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह चेतावनी दी कि अगर युद्धविराम का उल्लंघन जारी रहा तो अमेरिका आगे भी सैन्य कार्रवाई कर सकता है.

हालांकि एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद से वाणिज्यिक आवाजाही बढ़ी है, लेकिन जहाजों की आवाजाही का स्तर युद्ध से पहले के स्तर से अभी भी कम है. ईरान ने खाड़ी में आने-जाने वाले जहाजों को तेहरान द्वारा अधिकृत रास्तों का पालन करने की चेतावनी दी है, हालांकि कुछ जहाज अभी भी वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं.