T20 World Cup 2026

Chandrayaan-3 की सफलता पर विदेश में भी जश्न का माहौल, भारतीय समुदाय के लोगों ने मनाया जश्न

Chandrayaan-3 Landing Celebration: इसरो ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग सफलतापूर्वक कर ली है. देश से लेकर विदेश तक में जश्न का माहौल हैं.

Purushottam Kumar

नई दिल्ली: इसरो ने चांद पर एक बार फिर इतिहास रच दिया है. इसरो ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग सफलतापूर्वक कर ली है. आपको बता दें, यह पहली बार है जब किसी देश ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग की है. देश ही नहीं दुनिया में भी इसकी सराहना की जा रही है. देश से लेकर विदेश तक में जश्न का माहौल हैं. चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर इस सफल लैंडिंग को लेकर न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर भारतीय समुदाय के लोगों ने जश्न मनाया है.

'...गर्व की बात है'
भारत की इस सफलता पर प्रमुख प्रवासी नेता और जयपुर फुट यूएसए, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका और रेस्क्यूइंग एवरी डिस्ट्रेस्ड इंडियन ओवरसीज के स्वयंसेवक प्रेम भंडारी की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने इस सफलता को गर्व की बात बताया है. प्रेम भंडारी ने कहा कि यह न केवल भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए गर्व की बात है कि भारत ने चंद्रयान-3 को चांद पर पहुंचाया है. उन्होंने आगे कहा कि ये भारत की वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा की जीत है.


गौरतलब है कि 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने शाम 6 बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 ने सफल लैंडिंग की है. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर देश भर में खुशी का माहौल है. चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के साथ भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला और चांद पर पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है. इससे पहले चीन, अमेरिका, रूस चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट की सफल लैंडिंग करा चुके हैं.

ये भी पढ़ें: Rover Pragyan in Action: विक्रम से बाहर निकला रोवर, चांद पर चला भारत... इसरो ने ट्वीट कर दी जानकारी