Budget 2026

PM Modi In Bullet Train: पीएम मोदी ने पीएम इशिबा के साथ की बुलेट ट्रेन की सवारी, अहमदाबाद-मुंबई को मिल सकती है जापानी ताकत

पीएम मोदी ने जापान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन यात्रा की और ALFA-X ट्रेन का निरीक्षण किया. उन्होंने भारतीय ऑपरेटरों से मुलाकात की और जापान के 16 प्रान्तों के राज्यपालों से सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की. यात्रा के बाद मोदी SCO सम्मेलन के लिए चीन जाएंगे.

Social Media
Km Jaya

PM Modi In Bullet Train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने जापान दौरे के दूसरे दिन जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा और अन्य अधिकारियों के साथ बुलेट ट्रेन में सवार हुए और टोक्यो से सेंडाई तक की यात्रा की. यह यात्रा भारत-जापान की तकनीकी साझेदारी का प्रतीक मानी जा रही है.

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान जापान की आधुनिकतम बुलेट ट्रेन ALFA-X का अवलोकन किया. उन्हें JR ईस्ट के चेयरमैन ने इसकी विशेषताओं और तकनीकी क्षमताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. भारत वर्तमान में अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन परियोजना पर काम कर रहा है, ऐसे में जापानी अनुभव भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. मोदी ने ट्रेन में भारतीय ऑपरेटरों और ड्राइवरों से भी मुलाकात की, जो जापान में प्रशिक्षण ले रहे हैं.

16 प्रान्तों के राज्यपालों से की मुलाकात 

जापान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्यो में जापान के 16 प्रान्तों के राज्यपालों से भी मुलाकात की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत-जापान की दोस्ती केवल सरकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य और प्रीफेक्चर स्तर पर भी इसे आगे बढ़ाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि व्यापार, उद्यमिता, स्टार्टअप, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच अपार संभावनाएं मौजूद हैं.

भारत-जापान की साझेदारी की भूमिका

मोदी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि जापान और भारत दोनों ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं. उनका मानना है कि भविष्य की दुनिया टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पर आधारित होगी और भारत-जापान की साझेदारी इसमें बड़ी भूमिका निभाएगी.

भारत की तकनीकी प्रगति का प्रतीक 

जापान यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी चीन जाएंगे, जहां वे तियानजिन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इस दौरान उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य विश्व नेताओं से होगी. यह दौरा भारत की वैश्विक कूटनीति को मजबूत करने के लिहाज से भी अहम है. भारत की बुलेट ट्रेन परियोजना लंबे समय से चर्चा में है और जापानी तकनीक से इसे नई दिशा मिलने की उम्मीद है. मोदी की यह यात्रा भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ भारत की तकनीकी प्रगति का भी प्रतीक है.