ग्रैंड कैन्यन में अचानक आई बाढ़ से मची अफरातफरी, 15 लोगों के लापता होने की आशंका
नेपाल के बाद अब अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा है. हालांकि 62 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, वहीं 15 लोगों के लापता होने की आशंका है.
अमेरिका के मशहूर ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचाई है. मिली जानकारी के मुताबिक ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच इलाके में कुछ ही समय में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि कुछ ही देर में बड़े पत्थर, लकड़ी के लट्ठे अन्य मलबा बहकर कोलोराडो नदी तक पहुंच गया.
नेशनल पार्क सर्विस ने शुरुआत में 20 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी दी थी. हालांकि बाद में अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि करीब 15 लोग अब भी लापता हैं. इलाके में राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है. सबसे ज्यादा हाइकिंग और कैंपिंग करने वालों के लिए खतरा बताया जा रहा है. हालांकि अभी तक एक भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है.
पैदल पुल और रास्तों को भारी नुकसान
काइबाब पठार पर हुई बारिश के बाद शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ब्राइट एंजेल क्रीक का जलस्तर तेजी से बढ़ गया. पहाड़ी ढलानों से बारिश का पानी बहुत तेजी से नीचे आया और देखते ही देखते बाढ़ का रूप ले लिया. तेज बहाव ने क्रीक पर बने पैदल पुलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया और इलाके की प्राकृतिक बनावट भी बदल दी.
Also Read
पानी और मलबे के दबाव से क्रीक का तल चौड़ा हो गया. घटनास्थल के वीडियो में कीचड़ से भरा पानी रास्तों और पुलों के नीचे से तेज गति से गुजरता दिखाई दिया. ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड में मौजूद एक हाइकर के अनुसार, बारिश शुरू होने के बाद करीब 50 लोगों ने क्रीक का पानी तेजी से बढ़ते देखा. बाद में उनके समूह को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
62 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
रिपोर्ट के मुताबिक रविवार सुबह तक 62 लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका था. फैंटम रैंच से भी 60 से अधिक लोगों को निकाला गया. यह इलाका राफ्टिंग करने वालों के बीच काफी लोकप्रिय है और यहां कैंटीन तथा रहने की सुविधाएं भी मौजूद हैं. इसी बीच ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड, फैंटम रैंच और नॉर्थ काइबाब ट्रेल के कुछ हिस्सों को बंद कर दिया गया है.
कोलोराडो नदी में राफ्टिंग गतिविधियों पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है. इसके अलावा अचानक आए इस बाढ़ की वजह से एक महत्वपूर्ण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गया है. मौसम विभाग ने सोमवार तक और बारिश तथा तूफान की आशंका जताई है. अधिकारियों के अनुसार, आगे होने वाली बारिश से अचानक बाढ़, मलबे का बहाव, चट्टानों के खिसकने और रास्तों तथा नदी के स्वरूप में बदलाव का खतरा बना हुआ है.