menu-icon
India Daily

9/11 के इस हीरो ने मरने से पहले 18 लोगों की बचाई थी जान! अब 25 साल बाद डोनाल्ड ट्रंप करेंगे सम्मानित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि वह अमेरिका के उस हीरो को सम्मानित करेंगे, जिसने मरने से पहले 18 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
9/11 के इस हीरो ने मरने से पहले 18 लोगों की बचाई थी जान! अब 25 साल बाद डोनाल्ड ट्रंप करेंगे सम्मानित
Courtesy: X (@DanielMacMaste2, @nicksortor)

दुनिया के बड़े आतंकी हमलों में से एक 9/11 हमले के लगभग 25 साल बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि मरणोपरांत वेल्स रेमी क्रोथर को प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित करेंगे. वेल्स एक युवा फाइनेंसर और स्वयंसेवी अग्निशामक थे, जिन्हें लाल बंदना वाला आदमी के रूप में भी याद किया जाता है.

अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा यह ऐलान शुक्रवार को न्यूयॉर्क के रॉकलैंड काउंटी में एक रैली के दौरान किया गया. इस दौरान उनके साथ रिपब्लिकन कांग्रेसी माइक लॉलर भी मौजूद थे, जिन्होंने हमलों की 25वीं बरसी से पहले क्रोथर को सम्मानित किए जाने के लिए जोर दिया था.

कौन है वेल्स रेमी क्रोथर?

बता दें कि जब 11 सितंबर, 2001 को अपहृत विमानों ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमला किया था तब क्रोथर की उम्र महज 24 साल थी. इस दौरान क्रोथर साउथ टावर की 104वीं मंजिल पर इक्विटी ट्रेडर के तौर पर काम कर रहे थे. इस दौरान जब पहला विमान नॉर्थ टावर से टकराया तब उन्होंने वहां से भागने के बजाय लोगों को जिंदा बचाने की कोशिश की.

उन्होंने धुएं से भरी सीढ़ियों और मलबे के बीच लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में मदद की. इस दौरान उन्होंने सिर पर लाल बंदना बांध रखा, जिसके कारण उन्हें लाल बंदना वाला कहकर भी बुलाया जाता है. उनके इस साहस भरे काम के लिए इस घटना की 25वीं बरसी पर उन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया गया है.

डोनाल्ड ट्रंप का ऐलान

डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात का ऐलान करते हुए कहा कि यह सम्मान 'कांग्रेसनल मेडल ऑफ़ ऑनर' के बाद दूसरा सबसे बड़ा सम्मान है और वेल्स को यह उनकी बहादूरी के लिए दिया जा रहा है. ट्रंप ने कहा कि मैं बस उनकी महान मां को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने उस युवा को पाल-पोसकर बड़ा करने में असाधारण भूमिका निभाई.

ट्रंप ने वेल्स की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि जो काम उन्होंने किया, वैसा कोई और नहीं कर सकता था. इसलिए उन्हें प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ़्रीडम से सम्मानित किया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक हमलों की सुबह, विमानों के टकराने के बाद क्राउथर ने अपनी मां को फोन करके बताया था कि वह सुरक्षित हैं, हालांकि कुछ घंटों बाद, ढह चुके साउथ टावर के मलबे से उनका शव बरामद किया गया. इससे पहले उन्होंने 18 लोगों की जान बचाने में अपना योगदान दिया.