चीन ने बनाया 'अमेरिकी फाइटर का काल,' दुनिया के किसी भी देश के पास नहीं है ऐसी ताकत, आसमान में उतार दिया 'उड़ता रडार'
चीन के फ्लाइंग रडार को अमेरिकी स्टील्थ फाइटर विमानों F-22 और F-35 के लिए एक गंभीर खतरा माना जा रहा है. विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह की रडार प्रणाली किसी और देश के पास नहीं है. यह चीन की सैन्य ताकत को और भी मजबूत बनाता है.
China KJ-3000: चीन ने अपनी पीपल्स लिबरेशन आर्मी के तहत एक और नया सैन्य उपकरण दुनिया के सामने पेश किया है. यह नया हथियार KJ-3000 है, जिसे उड़ता रडार (Flying Radar) भी कहा जाता है. इसे हाल ही में पहली बार आसमान में उड़ते देखा गया.
KJ-3000 चीन के Y-20 परिवहन विमान पर आधारित है और इसे एयरबॉर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C) विमान के रूप में विकसित किया गया है. यह विमान चीन के इलेक्टॉनिक युद्ध और खुफिया जानकारी जुटाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. हालांकि, चीन ने इसके बारे में बहुत कम जानकारी साझा की है, फिर भी इसके डिजाइन और कार्यक्षमता को देखकर यह स्पष्ट है कि यह अन्य देशों के विमानों से कहीं ज्यादा उन्नत है.
360 डिग्री में रखता है निगरानी
KJ-3000 में एक बड़ा रोटोडोम लगा है, जो 360 डिग्री कवरेज प्रदान करके लक्ष्यों का पता लगाने और ट्रैक करने में मदद करता है. इसके अलावा, विमान में एडवांस संचार प्रणालियों का भी एकीकरण किया गया है.
विशेषज्ञों का कहना है कि KJ-3000 के रडार की डिटेक्शन रेंज 372 से 621 मील के बीच हो सकती है, जिससे यह अमेरिकी स्टील्थ विमान F-22 और F-35 को भी पकड़ सकता है. इसके अलावा, यह एक बार में 100 लक्ष्यों को ट्रैक करने की क्षमता रखता है. यह विमान 66 टन वजन के पेलोड को भी लेकर उड़ सकता है, जिससे इसकी सैन्य ताकत और भी बढ़ जाती है.
चीनी सेना की बढ़ी छमता
इस विमान का प्रमुख उद्देश्य ताइवान जलडमरूमध्य और अन्य क्षेत्रों में आसमान में चीनी सेनाओं की निगरानी और नियंत्रण करना है. खासकर जब अमेरिकी और जापानी सेनाएं ताइवान पर चीन के संभावित हमलों को रोकने की कोशिश कर रही हों. KJ-3000 का यह कदम चीन की सैन्य क्षमता को वैश्विक स्तर पर एक नई दिशा में ले जाता है.