T20 World Cup 2026 Budget 2026

Bangladesh Plane Crash: चीन के बनाए विमान से बांग्लादेश में हुआ बड़ा हादसा, 19 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा घायल

ढाका के उत्तरा इलाके में सोमवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ, जिसमें बांग्लादेश वायुसेना का एक लड़ाकू विमान एफ-7 स्कूल की इमारत से टकरा गया. इस दुर्घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. हादसे में पायलट की मौत हो गई और दर्जनों छात्र-छात्राएं घायल हो गए.

WEB
Kuldeep Sharma

ढाका के उत्तरा इलाके में सोमवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ, जिसमें बांग्लादेश वायुसेना का एक लड़ाकू विमान एफ-7 स्कूल की इमारत से टकरा गया. हादसे की गंभीरता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि यह राजधानी में हाल के वर्षों का सबसे घातक विमान हादसा माना जा रहा है. इस हादसे में पायलट की मौत हो गई और दर्जनों छात्र-छात्राएं घायल हो गए हैं.

इस हादसे में जान गंवाने वाले पायलट की पहचान फ्लाइट लेफ्टिनेंट तौकीर इस्लाम सागर के रूप में हुई है. वह बांग्लादेश वायुसेना की 35वीं स्क्वाड्रन और 76 बीएएफए कोर्स के सदस्य थे. हादसे के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में मिलिट्री हॉस्पिटल (सीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. जानकारी के अनुसार, Sagar ने अपनी कैडेट ट्रेनिंग के दौरान PT-6 विमान में पहली 100 घंटे की उड़ान पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने 15वीं स्क्वाड्रन में सेवा दी, जहां उन्होंने लगभग 60 घंटे की उड़ान भरी. हाल ही में वे 35वीं स्क्वाड्रन में शामिल हुए थे.

कैसे हुआ हादसा?

सोमवार को दोपहर 1:06 बजे तौकीर इस्लाम सागर ने चीन निर्मित F-7 BGI प्रशिक्षण विमान से उड़ान भरी थी. लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान संतुलन खो बैठा और सीधा ढाका के उत्तरा स्थित Milestone School and College की इमारत से जा टकराया. टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और स्कूल की बिल्डिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. इस दौरान स्कूल के अंदर करीब 2000 छात्र उपस्थित थे. हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 164 लोग घायल हुए हैं.

स्कूल में मचा हड़कंप

घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, और हादसे के बाद अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोग, शिक्षक और अभिभावक सभी बच्चों को बचाने की कोशिश में जुट गए. रेस्क्यू टीम्स ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में पहुंचाया. स्थानीय लोगों ने रिक्शा और ऑटो जैसे जो भी संसाधन मिले, उनका इस्तेमाल करके घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

16 साल की एक छात्रा, रफिका ताहा ने बताया, "मैं हादसे के वक्त स्कूल में नहीं थी, लेकिन टीवी पर वीडियो देखकर डर के मारे कांप उठी. यह मेरा स्कूल है, भगवान का शुक्र है मैं वहां नहीं थी."

यह अब तक का सबसे बड़ा हादसा क्यों माना जा रहा है?

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इससे पहले इतने बड़े स्तर पर विमान हादसा नहीं हुआ था. यह घटना इसलिए और ज्यादा भयावह हो गई क्योंकि यह एक व्यस्त स्कूल के समय में हुई, जब बच्चे क्लास में पढ़ाई कर रहे थे. बांग्लादेश की सेना और वायुसेना इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर रही हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी की आशंका है, लेकिन सटीक कारणों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी.