म्यूजिक, डांस और जश्न के बीच मची तबाही, बैंकॉक के मशहूर पब में लगी भीषण आग; 27 लोगों की मौत

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चटुचक जिले में स्थित एक लोकप्रिय पब में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता देखा गया था.

X (@js100radio)
Shanu Sharma

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. शहर के चटुचक जिले में स्थित लोकप्रिय 'ना लाडप्राओ' पब में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में अब तक कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.

घटना के बाद दमकल विभाग और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया. मिल रही जानकारी के मुताबिक करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था.

वायरल वीडियो में दिखीं आग की ऊंची लपटें

हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से बाहर भागते नजर आ रहे हैं. धुएं ने कुछ ही मिनटों में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कई लोग पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम तक पहुंच गए थे, लेकिन घने धुएं और आग के कारण वहां से बाहर नहीं निकल सके. बचाव दल को कई पीड़ितों के शव इसी हिस्से से मिले. अधिकारियों का मानना है कि धुएं के कारण दम घुटने से कई लोगों की मौत हुई.

सर्किट ब्रेकर से उठता दिखा धुआं

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि हादसे की जांच जारी है. उनके अनुसार, पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने बताया कि बिजली जाने से पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते पूरा परिसर घने धुएं से भर गया. फिलहाल विशेषज्ञों की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. हालांकि थाइलैंड में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले 2022 में बी एक म्यूजिक पब में आग लग गई थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी और उससे पहले 2009 में लगी आग में 66 लोगों की मौत हो गई थी.