नदी में बहती लाशें, गांव-स्कूल सब बहा ले गया प्रलय का पानी, वीडियो में देखिए वायनाड लैंडस्लाइड की तबाही
केरल के वायनाड में बारिश से तबाही आई है. सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर हुए लैंडस्लाइड में कई लोगों की मौत हो गई. 400 से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं. जिस इलाके में लैंडस्लाइड हुआ है, वहां चारों तरफ तबाही फैली है. इलाके में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है.
केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई. इसमें 400 से ज्यादा लोग फंस गए हैं. लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अब तक 43 लोगों के मारे जाने की खबर है और अभी भी 400 से ज्यादा लोग लापता हैं. फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए तेज रफ्तार से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
जिस इलाके में लैंडस्लाइड हुआ है, वहां चारों तरफ तबाही फैली है. इलाके में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है और तबाही साफ दिखाई दे रही हैं. तेज पानी के बहाव में इसमें 4 गांव बह गए. घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां भी बह गईं. जानकारी के मुताबिक लैंडस्लाइड मंगलवार की सुबह तड़के करीब 2 बजे हुई. इसके बाद सुबह करीब 4.10 बजे फिर एक बार लैंडस्लाइड हुई.
रेस्क्यू में रही दिक्कतें
मौसम विभाग ने आज भी वायनाड के अलावा कोझिकोड, मल्लपुरम और कसारागोड में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. बारिश की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है. अधिकारियों ने बताया कि मलप्पुरम के नीलांबुर क्षेत्र में बहने वाली चालियार नदी में कई लोगों के बह जाने की आशंका है. पहाड़ियों से लुढ़कते बड़े-बड़े पत्थर बचावकर्मियों के रास्ते में बाधा पैदा कर रहे हैं.