पहले बेटे की मौत, फिर पिता और मां ने गंवाई जान... अब सामने आया मां का वीडियो; उठे बड़े सवाल
छत्रपति संभाजीनगर के वालुज में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद मां का कथित वीडियो सामने आया है. इसमें रिश्तेदारों और संपत्ति विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
नई दिल्ली: छत्रपति संभाजीनगर के वालुज में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. घटना के बाद अब मृतक संगीता चांदगुडे का कथित वीडियो सामने आया है. वीडियो में उन्होंने कुछ रिश्तेदारों पर परिवार में लंबे समय से विवाद पैदा करने, दखल देने और संपत्ति को लेकर तनाव बढ़ाने के आरोप लगाए हैं. पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है. अभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
वालुज में शुक्रवार को परिवार के बेटे कुणाल की मौत के बाद उसके पिता भी हादसे का शिकार हो गए. बेटे को बचाने की कोशिश के दौरान उनकी जान चली गई. इसके बाद पति और बेटे की मौत से सदमे में मां संगीता की भी मौत हो गई. कुछ ही समय में परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. घटना के बाद घर में अब सिर्फ उनका पालतू कुत्ता रह गया है.
मौत से पहले का कथित वीडियो आया सामने
घटना के बाद संगीता का कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें वह परिवार में चल रहे विवादों का जिक्र करती दिखाई दे रही हैं. उन्होंने पति की बहन और कुछ अन्य रिश्तेदारों पर परिवार में हस्तक्षेप करने और रिश्तों में तनाव पैदा करने का आरोप लगाया. संगीता के मुताबिक, लंबे समय से परिवार की शांति प्रभावित हो रही थी. हालांकि पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया.
Also Read
रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप
वीडियो में संगीता ने दावा किया कि रिश्तेदार उनके पति के साथ भी कथित तौर पर अच्छा व्यवहार नहीं करते थे. उन्होंने परिवार को अलग करने की कोशिश और संपत्ति में हिस्सेदारी मांगने जैसी बातें भी कही हैं. उन्होंने अपने बेटे कुणाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उसे पिता से दूर करने का प्रयास किया गया. संगीता ने कहा कि मुश्किल समय में उनके परिवार को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला.
'एक बार मेरी जगह खुद को रखकर देखिए'
कथित वीडियो में संगीता ने अपने पति से भावनात्मक अपील भी की. उन्होंने कहा कि यदि बहन की परेशानी महसूस होती है, तो पत्नी और बेटे के नजरिए से भी स्थिति को समझना चाहिए. उन्होंने यह भी दावा किया कि बेटे की मौत के बाद कुछ रिश्तेदार सामान्य जीवन जीते रहे. इन बयानों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस अब वीडियो की हर जानकारी को जांच के दायरे में रख रही है.
EMI से आगे बढ़ी जांच की दिशा
अब तक परिवार के तनाव के पीछे कुणाल की मोबाइल EMI को लेकर नाराजगी की बात सामने आ रही थी. लेकिन कथित वीडियो ने जांच में पारिवारिक और संपत्ति विवाद का पहलू भी जोड़ दिया है. एमआईडीसी वालुज पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता, रिश्तेदारों की भूमिका और घटना से पहले परिवार के बीच हुई बातचीत की पड़ताल कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि परिवार पर लंबे समय से किसी तरह का दबाव था या नहीं.