2029 में विजय की PM दावेदारी से गरमाई सियासत, कांग्रेस बोली- 'राहुल के अलावा कोई नहीं'
तमिलनाडु में TVK सरकार के 100 दिन पूरे होने के साथ विजय को 2029 लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग उठी है, जिसे कांग्रेस ने खारिज कर दिया.
तमिलनाडु की राजनीति में विजय को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है. तमिलनाडु वेत्री कड़गम यानी TVK सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर पार्टी नेताओं ने विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का संभावित चेहरा बताया. तिरुपुर की सभा में नेताओं ने उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व की क्षमता वाला नेता बताया. कांग्रेस ने इन दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि TVK अभी भी राजनीतिक संगठन से ज्यादा फैन क्लब की तरह काम कर रही है.
विजय को PM बनाने की आवाज तेज
तिरुपुर में आयोजित कार्यक्रम में TVK नेताओं ने विजय की जमकर तारीफ की. वरिष्ठ नेता केए सेंगोटेया ने कहा कि उत्तर भारत में भी लोग विजय से उम्मीद लगा रहे हैं. उन्होंने विजय को एमजीआर और जयललिता के बाद तमिलनाडु की बड़ी राजनीतिक ताकत बताया. मंत्री डी. सरथकुमार ने भी उन्हें देश का अगला प्रधानमंत्री बताया. विधायक कल्लानाई ने कहा कि विजय भविष्य में लाल किले पर तिरंगा फहरा सकते हैं.
कांग्रेस ने बताया फैन क्लब वाला अंदाज
विजय को प्रधानमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाने की कोशिश पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी. तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर बी ने TVK नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि वे अब भी फैन-क्लब मानसिकता से बाहर नहीं आए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने के समय विजय ने राहुल गांधी से समर्थन मांगा था. कांग्रेस ने TVK के दावों को राजनीतिक वास्तविकता से दूर बताया.
Also Read
कार्ति चिदंबरम ने समझाया आंकड़ों का गणित
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि नेताओं के समर्थकों का अपने नेता को लेकर उत्साहित होना स्वाभाविक है, लेकिन प्रधानमंत्री का फैसला चुनावी आंकड़ों से होता है. उन्होंने कहा कि लोकसभा की 543 सीटों में बहुमत के लिए 272 सीटों का आंकड़ा जरूरी है. उनके मुताबिक केवल पार्टी के मंच से किसी नेता को प्रधानमंत्री बताने से देश की राजनीतिक तस्वीर नहीं बदलती.
राहुल गांधी पर कांग्रेस का भरोसा
कांग्रेस सांसद पी. जोथीमणि ने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन राहुल गांधी के अलावा किसी अन्य को प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने TVK को राष्ट्रीय राजनीति पर ध्यान देने से पहले तमिलनाडु में सुशासन पर फोकस करने की सलाह दी. वहीं, विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सरकार बनाने के बाद TVK समर्थक विजय को राष्ट्रीय स्तर पर दक्षिण भारत के बड़े चेहरे के तौर पर पेश कर रहे हैं.