महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, कुएं में गिरी पिकअप वैन; 9 लोगों की मौत
अभी-अभी महाराष्ट्र से एक बेहद दर्दनाक खबर आई है. महाराष्ट्र के पंढरपुर में एक बड़ा हादसा हो गया है. एक पिकअप वैन सीधे कुएं में जा गिरी और इस हादसे में 9 लोगों की मौत की खबर है.
नई दिल्ली: महाराष्ट्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली खबर आई है. पंढरपुर के म्हास्वड-पंढरपुर मार्ग पर टंडलवाड़ी गांव के पास एक पिकअप वैन अचानक कुएं में जा गिरी. इस भीषण हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. घटनास्थल पर राहत और बचाव दल पहुंच चुके हैं.
जानकारी के अनुसार सभी मृतक पंढरपुर तालुका के रंजनी गांव के रहने वाले थे. ये सभी श्रद्धालु म्हास्वड के प्रसिद्ध सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन करने गए थे. दर्शन के बाद जब ये लोग अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी टंडलवाड़ी गांव के पास उनकी पिकअप वैन अनियंत्रित हो गई और सीधे एक कुएं में जा गिरी. वैन में सवार किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला.
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है और रंजनी गांव में गहरे शोक का माहौल है. जो लोग भगवान के दर्शन करके घर लौट रहे थे, वो घर कभी नहीं पहुंच सके. स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद है. हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
खबर अपडेट की जा रही है.