मुंबई में बारिश बनी आफत! बहुमंजिला चॉल ढहने से 6 लोगों की मौत, 1 घायल
मुंबई में लगातार भारी बारिश के बीच मानखुर्द में बहुमंजिला चॉल ढहने से छह लोगों की मौत हो गई. बारिश के कारण स्कूल बंद कर दिए गए हैं और कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार शाम मानखुर्द इलाके में बड़ा हादसा हो गया. हनुमान मंदिर के पीछे जनता नगर स्थित एक बहुमंजिला चॉल अचानक ढह गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. यह हादसा रात करीब 8:30 बजे हुआ. सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे तथा मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. अधिकारियों के अनुसार, अभियान देर रात तक जारी रहा.
बारिश से जनजीवन बेहाल
भारतीय मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है. पिछले 24 घंटों में शहर के कई इलाकों में 200 से 300 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई. मरीन ड्राइव और गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में ऊंची लहरें उठीं, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव से लोगों की आवाजाही प्रभावित रही.
उड़ानों पर असर, अन्य हादसों में भी मौतें
भारी बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे संचालन लगभग एक घंटे तक रोकना पड़ा. इससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं और 13 विमानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा. इस बीच कुर्ला में पेड़ गिरने से 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि साकीनाका क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरकर जान गंवा बैठा. लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है.