'बिग बॉस में एंट्री भी नहीं हुई...', रिया अहीर पर शहजाद पूनावाला का तंज, फिर मिला ये जवाब

Gen Z प्रदर्शन के दौरान वायरल हुईं मॉडल रिया अहीर बिग बॉस 20 में जगह नहीं बना सकीं. इसके बाद शहजाद पूनावाला ने उन पर निशाना साधा, जिसके जवाब में रिया ने भी तीखा पलटवार किया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: मुंबई की मॉडल रिया अहीर एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई वायरल वीडियो नहीं, बल्कि शहजाद पूनावाला के साथ हुई जुबानी जंग है. Gen Z प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन रोकने का उनका वीडियो वायरल हुआ था. इसके बाद उन्हें बिग बॉस 20 में आने का मौका मिलने की उम्मीद थी. हालांकि, पब्लिक वोटिंग में पंजाबी अभिनेत्री लव गिल ने बाजी मार ली. रिया शो में प्रवेश नहीं कर सकीं. इसी को लेकर पूनावाला ने उन पर निशाना साधा.

शहजाद पूनावाला ने एक रील में रिया अहीर की वायरल तस्वीर और उनके राजनीतिक समर्थन पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी कवायद पहले से तय रणनीति का हिस्सा थी. उनके मुताबिक, प्रदर्शन की तस्वीर वायरल कराने के बाद राहुल गांधी, राज ठाकरे, सुप्रिया सुले और डिंपल यादव जैसे नेताओं से समर्थन लेकर इसे बिग बॉस तक पहुंचाने की कोशिश हुई. उन्होंने इसे कथित तौर पर एंटी-मोदी एजेंडा बताया.

रिया ने कहा- मेरी निजी जिंदगी से दूर रहें

पूनावाला की टिप्पणी के बाद 28 वर्षीय रिया ने दो रील जारी कर जवाब दिया. उन्होंने पूनावाला को तंज भरे अंदाज में संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें उनकी निजी जिंदगी और निजी मामलों से दूर रहना चाहिए. रिया ने आरोप लगाया कि युवा लड़कियों को घेरने का उनका पुराना तरीका रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि 38 वर्षीय पूनावाला को अपने उम्र के लोगों और पुरुषों के साथ राजनीति करनी चाहिए.


राजनीतिक समर्थन और सेना के सम्मान पर सफाई

रिया ने खुद को राहुल गांधी, राज ठाकरे या दूसरे नेताओं से जोड़ने के दावे को खारिज किया. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ वही बातें दोहराई जा रही हैं, जो कई दूसरे इन्फ्लुएंसर पहले भी कह चुके हैं. रिया ने भारतीय सेना के सम्मान को लेकर लगाए गए आरोप पर भी सबूत मांगते हुए कहा कि उन्होंने कभी सेना, किसी संस्था या धर्म का अपमान नहीं किया. उन्होंने पूनावाला के दावे को बिना आधार का बताया.

उस बयान पर भी रिया ने दी सफाई

बिग बॉस चयन के दौरान लव गिल से बातचीत में रिया ने उस पुलिस वाहन को बस कहने पर उन्हें टोका था. गिल ने कहा था कि अगर चालक वाहन नहीं रोकता तो शायद रिया आज यहां नहीं होतीं. इस पर रिया ने कहा था कि तब उनके जीवन का उद्देश्य पूरा हो जाता. पूनावाला ने इसी बात को उनके खिलाफ इस्तेमाल किया. रिया ने कहा कि बयान का संदर्भ समझे बिना केवल एक वाक्य को आधार बनाया गया.

पूनावाला का पलटवार, फिर बिग बॉस पर निशाना

पूनावाला ने रिया के जवाब के बाद सोशल मीडिया पर फिर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि रिया बिग बॉस में प्रवेश करने से पहले ही बाहर हो गईं. उन्होंने राहुल गांधी का भी जिक्र किया और रिया की उम्र को लेकर किए गए तंज पर गणित का हवाला दिया. पूनावाला ने यह भी कहा कि उनकी मूल रील मुख्य रूप से पत्रकार अरफा खानुम शेरवानी पर थी और रिया का उसमें केवल संक्षिप्त जिक्र था. दोनों के बीच यह विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.