'वोट चोरी' मामले में राहुल गांधी ने EC के खिलाफ छेड़ा अभियान, डिजिटल पोर्टल के जरिए लोगों से की ये खास अपील

कांग्रेस ने एक नया डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके जरिये लोगों से "वोट चोरी" के खिलाफ आवाज उठाने और चुनाव आयोग से पारदर्शी डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग करने का आह्वान किया जा रहा है.

X
Garima Singh

Vote Theft Proof: कांग्रेस ने एक नया डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके जरिये लोगों से "वोट चोरी" के खिलाफ आवाज उठाने और चुनाव आयोग से पारदर्शी डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग करने का आह्वान किया जा रहा है. इस अभियान का नेतृत्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर रहे हैं, जिन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के लिए एक सत्यापन योग्य वोटर लिस्ट को अनिवार्य बताया है.

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "वोट चोरी 'एक व्यक्ति, एक वोट' के बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांत पर हमला है." उन्होंने आगे जोर देकर कहा, "चुनाव आयोग से हमारी मांग साफ़ है - पारदर्शिता दिखाएं और डिजिटल वोटर लिस्ट को सार्वजनिक करें, ताकि जनता और राजनीतिक दल खुद से इसका ऑडिट कर सकें." गांधी ने इस अभियान को लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई करार देते हुए नागरिकों से पोर्टल पर पंजीकरण करने पर जोर दिया.

वोट चोरी की शिकायत से लेकर प्रमाणपत्र तक

कांग्रेस का ये पोर्टल नागरिकों को "वोट चोरी प्रूफ" सामग्री डाउनलोड करने, कथित अनियमितताओं की शिकायत दर्ज करने और चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग करने की सुविधा देगा. पोर्टल में राहुल गांधी का एक वीडियो संदेश भी शामिल है, जिसमें वे चुनाव प्रक्रिया में "बड़े पैमाने पर आपराधिक धोखाधड़ी" के आरोप लगा रहे हैं. वे इस वीडियो में दावा करते हैं कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से फर्जी मतदाता प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं. पोर्टल पर एक संदेश में कहा गया, "मतदान हमारे लोकतंत्र की नींव है, लेकिन भाजपा इस पर व्यवस्थित हमला कर रही है, जिसमें चुनाव आयोग भी शामिल है." इसमें बेंगलुरु सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र का हवाला दिया गया, जहां "1 लाख से ज्यादा फर्जी मतदाता" पाए गए, जिसके कारण भाजपा को लोकसभा सीट जीतने में मदद मिली.

डिजिटल पोर्टल के जरिये शिकायत करें दर्ज 

पंजीकरण करने वाले नागरिकों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अजय माकन के हस्ताक्षर वाला एक डिजिटल प्रमाणपत्र मिलेगा. प्रमाणपत्र में लिखा है, "मैं वोट चोरी के खिलाफ हूं. मैं चुनाव आयोग से डिजिटल मतदाता सूची की राहुल गांधी की मांग का समर्थन करता हूं." लोग कॉल या एसएमएस के जरिये से भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. कई कांग्रेस नेता और समर्थक पहले ही इस अभियान में शामिल हो चुके हैं और सोशल मीडिया पर अपने प्रमाणपत्र साझा कर रहे हैं.

चुनाव आयोग का जवाब: सबूत या माफी

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाया है. शनिवार को, आयोग ने राहुल गांधी से अपने दावों के समर्थन में साइन किया हुआ घोषणापत्र पेश करने या "फर्जी" आरोपों के लिए माफी मांगने की मांग की. आयोग का कहना है कि उसे तीन राज्यों में मतदान हेराफेरी के दावों का कोई सबूत नहीं मिला है. यह विवाद गांधी और चुनाव आयोग के बीच चल रहे तनाव का हिस्सा है.