FIFA World Cup 2026

पुणे में भूस्खलन से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम

पुणे के मावल तहसील में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. पांच घर मलबे में दब गए और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ.

@ANI X Account
Km Jaya

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पुणे जिले के मावल तहसील के पाटन गांव में सोमवार तड़के बड़ा भूस्खलन हुआ. पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढहकर कई घरों पर गिर गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान तेजी से चलाया गया.

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय नंदू टिकोने, 55 वर्षीय अनीता टिकोने और 30 वर्षीय मौली टिकोने के रूप में हुई है. अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 4:25 बजे हुए इस हादसे में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा गांव पर आ गिरा, जिससे करीब पांच घर मलबे में दब गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक 30 से 35 लोग मलबे में फंस गए थे.


NDRF की टीम ने क्या लिया एक्शन?

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी NDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. मलबा हटाने का काम लगातार जारी रहा और सभी तीन शव बरामद कर लिए गए. प्रशासन ने बताया कि अन्य प्रभावित लोगों की तलाश और सुरक्षित निकासी का काम भी जारी है.

लोनावला डिवीजन के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के कारण गांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन हुआ. इनमें से एक भूस्खलन सीधे एक मकान पर गिरा, जहां परिवार के तीन सदस्य मौजूद थे.

कैसी है वहां की स्थिति?

इस हादसे का असर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर भी पड़ा. भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से दोनों मार्गों पर यातायात रोक दिया गया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि करीब 100 टन मलबा एक्सप्रेसवे पर आ गिरा था. राहत की बात यह है कि लगभग 70 प्रतिशत मलबा हटाया जा चुका है और पुणे से मुंबई जाने वाली एक लेन को दोबारा खोल दिया गया है. प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही पूरी सड़क पर यातायात सामान्य हो जाएगा.

उधर, मुंबई और आसपास के इलाकों में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में जलभराव, रेल सेवाओं में बाधा और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है. पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में मुंबई में आठ लोगों की मौत की भी खबर है.