Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

कब रुकेगा ये सिलसिला...? प्रियंका गांधी ने मणिपुर में फिर से हिंसा और 4 लोगों की मौत पर PM मोदी को घेरा

3 मई को मैतेई समुदाय की ओर से एसटी का दर्जा पाने की मांग के खिलाफ जनजातीय एकजुटता मार्च का आयोजन किया गया था, जिसके बाद से मणिपुर में हिंसा भड़क रही है.

Naresh Chaudhary

Priyanka Gandhi Targets PM Modi on Manipur Violence: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मंगलवार को मणिपुर में फिर से हुआ हिंसा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना की. उन्होंने कहा कि महान बनने के लिए महानता के विज्ञापन की जरूरी नहीं हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मणिपुर में सोमवार को फिर से हिंसा भड़क गई. हिंसा के दौरान थौबल जिले में सोमवार को चार ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. 

प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके भाजपा और पीएम मोदी पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने कहा कि पीएम मोदी मणिपुर नहीं गए और न ही राज्य के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मिले. उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स पर लिखा कि मणिपुर में चार लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल हो गए, कई जिलों में कर्फ्यू है. आठ महीने से मणिपुर के लोग हत्या, हिंसा और विनाश का सामना कर रहे हैं. ये सिलसिला कब रुकेगा?

मणिपुर में स्थिरता के लिए उठाने होंगे ठोस कदमः प्रियंका गांधी

उन्होंने आगे कहा कि न तो वह (पीएम मोदी) मणिपुर गए, न ही मणिपुर के बारे में बात की, न ही संसद में जवाब दिया, न ही कोई कार्रवाई की. क्या यही वह नेतृत्व है, जिसकी मणिपुर को जरूरत है, क्या विज्ञापनों की ताकत ही महान बनने के लिए काफी है!  प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार को मणिपुर में स्थिरता लाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए. मणिपुर में जातीय हिंसा के दौरान मई से लेकर अब तक करीब 200 लोग मारे जा चुके हैं.

मणिपुर में 3 मई 2023 को भड़की थी जातीय हिंसा  

बता दें कि हाईकोर्ट के एक आदेश में राज्य सरकार को गैर-आदिवासी मैतेई समुदायों को एसटी सूची में शामिल करने पर विचार करने का निर्देश दिया गया था. 3 मई को मैतेई समुदाय की ओर से एसटी का दर्जा पाने की मांग के खिलाफ जनजातीय एकजुटता मार्च का आयोजन किया गया था, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी.

विपक्ष हिंसा को काबू न कर पाने के कारण मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को हटाने की मांग कर रहा है. इस बीच सीबीआई ने दो लापता मणिपुरी छात्रों से जुड़े मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग आरोप पत्र दायर किए हैं. उनके शव दिखाने वाली तस्वीरें पिछले साल 25 सितंबर को सामने आई थीं.