चांद की सतह पर अपने निशान छोड़ रहा 'प्रज्ञान', ISRO ने शेयर किया लैंडर से बाहर निकलने का Video
Chandrayaan-3 Rover: चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद रोवर लैंडर से चंद्रमा की सतह तक उतरा है. इसरो की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्श पर इसका वीडियो भी साझा किया गया है.

नई दिल्ली: चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग करके एक नया इतिहास रच दिया है. इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला पहला देश बन गया है. चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग के बाद रोवर लैंडर से चंद्रमा की सतह तक उतरा है. चांद की सतह पर उतरने के बाद विक्रम और प्रज्ञान अपने काम में जुट गए हैं. इसरो की ओर से अस मून मिशन को लेकर लगातार पल पल की अपडेट दी जा रही है. वहीं, अब इसरो ने लैंडर से रोवर के उतरने का नया वीडियो साझा किया है.
गुरुवार को भी सामने आया था वीडियो
इसरो ने गुरुवार को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर लिखा था कि इस वीडियो में बताया गया है कि लैंडर इमेजर कैमरे ने सतह पर उतरने से ठीक पहले चंद्रमा की तस्वीर कैसे खींची. इससे पूर्व में किए गए एक अन्य ट्वीट में इसरो ने लिखा था कि सभी गतिविधियां निर्धारित समय पर हो रही है और सभी प्रणालियां सामान्य है.
गौरतलब है कि 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने शाम 6 बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 ने सफल लैंडिंग की है. चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर देश भर में खुशी का माहौल है. चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के साथ भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला और चांद पर पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है. इससे पहले चीन, अमेरिका, रूस चंद्रमा पर अपने स्पेसक्राफ्ट की सफल लैंडिंग करा चुके हैं.