नए साल पर पीएम मोदी करेंगे 'दक्षिण दौरा', 2-3 जनवरी को खोलेंगे कई सौगातों का पिटारा, जारी हुआ शेड्यूल
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से पीएम मोदी के दौरे का कार्यक्रम शेड्यूल जारी किया गया है. 2 और 3 जनवरी को पीएम मोदी दोनों राज्यों के लिए कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे.
PM Modi Visit Tamil Nadu and Lakshadweep on New Year 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए साल पर दक्षिणी भारत का दौरा करेंगे. रविवार को पीएम कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पीएम मोदी 2 और 3 जनवरी को तमिलनाडु और लक्षद्वीप में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पीएम 2 जनवरी को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे और यहां भारतीदासन विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
जानकारी के मुताबिक, तिरुचिरापल्ली में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विमानन, रेल, सड़क, तेल-गैस, शिपिंग और उच्च शिक्षा क्षेत्रों से जुड़ी 19,850 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. इसके बाद पीएम मोदी लक्षद्वीप के अगत्ती पहुंचेंगे, जहां वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
3 जनवरी को पीएम मोदी पहुंचेंगे लक्षद्वीप, करेंगे बड़े उद्घाटन
उधर, 3 जनवरी को प्रधानमंत्री लक्षद्वीप के कावारत्ती में दूरसंचार, पेयजल, सौर ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों से संबंधित कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. तिरुचिरापल्ली के कार्यक्रम में वह तिरुचिरापल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नई टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन भी करेंगे. पीएमओ की ओर से कहा गया है कि 1,100 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से विकसित, दो-स्तरीय नए अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल भवन में सालाना 44 लाख से ज्यादा यात्रियों और व्यस्त समय में करीब 3,500 यात्रियों को सेवा देने की क्षमता है.
विकास परियोजनाओं से तमिलनाडु के आर्थिक विकास को लगेंगे पंख
इस दौरान पीएम मोदी कई रेलवे परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें मदुरै-तूतीकोरिन तक 160 किलोमीटर के रेल खंड का दोहरीकरण और रेल लाइन विद्युतीकरण के लिए तीन परियोजनाएं शामिल हैं. रेल परियोजनाएं माल ढुलाई और यात्रियों को ले जाने की रेल क्षमता में सुधार करेंगी. इससे तमिलनाडु में आर्थिक विकास और रोजगार के मौके पैदा होंगा.
पीएम मोदी राष्ट्र को पांच सड़क क्षेत्र की परियोजनाएं भी सौंपेंगे. इस सड़क मार्गों से त्रिची, श्रीरंगम, चिदंबरम, रामेश्वरम, धनुषकोडी, उथिराकोसामंगई, देवीपट्टिनम, एरवाड़ी जैसे औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्रों की कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी.
पीएमओ की ओर से कहा गया है कि वह सड़क विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिसमें एनएच 332ए के मुगैयुर से मरक्कनम तक 31 किलोमीटर लंबी फोर-लेन सड़क का निर्माण भी शामिल है. यह सड़क तमिलनाडु के पूर्वी तट पर बंदरगाहों को जोड़ेगी. साथ ही विश्व धरोहर स्थल मामल्लपुरम तक सड़क कनेक्टिविटी बढ़ाएगी और कलपक्कम परमाणु ऊर्जा संयंत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी.
9 हजार करोड़ की इस परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
इस दौरान पीएम मोदी कामराजार बंदरगाह के जनरल कार्गो बर्थ-II (ऑटोमोबाइल निर्यात, आयात टर्मिनल-II और कैपिटल ड्रेजिंग चरण-V) को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. कार्यक्रम के दौरान वह 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की महत्वपूर्ण पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र की परियोजनाएं क्षेत्र में ऊर्जा की औद्योगिक, घरेलू और वाणिज्यिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक कदम होंगी. इनके अलावा कई अन्य विकास योजनाओं को भी पीएम मोदी राष्ट्र के नाम समर्पित करेंगे.