IPL 2026

PM मोदी ने 'विदेश यात्रा पर टैक्स' की रिपोर्ट को किया खारिज, पोस्ट कर कहा- रत्ती भर भी सच नहीं

विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने की खबर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सामने आकर इस दावे को पूरी तरह गलत बताया.

X
Ashutosh Rai

विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबर ने शुक्रवार को अचानक सुर्खियां पकड़ ली. एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सरकार विदेश जाने वाले लोगों पर अतिरिक्त टैक्स लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. रिपोर्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और लोगों ने इसे आम यात्रियों और कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ बताया. हालांकि, कुछ ही घंटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि इसमें “रत्ती भर भी सच नहीं” है. इसके बाद संबंधित मीडिया संस्थान ने भी अपनी खबर वापस लेते हुए माफी मांग ली.

PM मोदी ने खुद किया दावा खारिज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सीधे प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि इस तरह की खबरें पूरी तरह गलत हैं और सरकार लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को आसान बनाने की दिशा में काम कर रही है.

रिपोर्ट में दावा

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि सरकार विदेश यात्रा पर सेस, टैक्स या सरचार्ज लगाने के विकल्प पर विचार कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक इस मुद्दे पर “उच्चतम स्तर” पर चर्चा चल रही थी. दावा यह भी किया गया था कि इससे सरकार अतिरिक्त राजस्व जुटाने की योजना बना सकती है. जैसे ही यह खबर सामने आई, ट्रैवल इंडस्ट्री और व्यापार जगत में हलचल बढ़ गई. कई लोगों ने आशंका जताई कि अगर ऐसा फैसला लागू होता है, तो विदेश यात्रा महंगी हो सकती है.

CNBC-TV18 ने मांगी माफी

प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया आने के कुछ ही मिनटों बाद CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली. चैनल ने 'X' पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने से जुड़ी खबर सही नहीं थी. इस गलती के लिए खेद जताया जाता है.