West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War IPL 2026

त्रिपुरा में पिकनिक बस में लगी आग, 13 छात्र झुलसे

पश्चिमी त्रिपुरा के SP किरण कुमार ने बताया कि घायल छात्रों में से 9 को GBP अस्पताल रेफर किया गया है. बाकी 4 बच्चों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई.

x
Kamal Kumar Mishra

Tripura Bus Fire: पश्चिमी त्रिपुरा के मोहनपुर में रविवार को पिकनिक मनाने जा रही एक बस में आग लग जाने से 13 स्कूली छात्र झुलस गए. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस हादसे की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घायल छात्रों का अस्पताल में उपचार चल रहा है. 

पश्चिमी त्रिपुरा के SP (पुलिस अधीक्षक) किरण कुमार ने बताया कि बस में आग लगने के बाद कुल 13 बच्चे झुलसे हैं, उनमें से 9 बच्चों को GBP हॉस्पिटल रेफर किया गया है. बाकी 4 बच्चों को स्थानीय हेल्थ सेंटर में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, क्योंकि इनकी स्थिति ठीक है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस में आग लगने वजह 'बस के अंदर रखे जनरेटर में विस्फोट होना है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.'

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में क्या कहा?

13 छात्रों के घायल होने की सूचना पर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और सभी घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर लिखा, "मोहनपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बहुत चिंतित हूं, जहां एक पिकनिक बस में जेनरेटर विस्फोट के बाद आग लग गई. इस दुखद घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."

साहा ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है ताकि घायल छात्रों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके. उन्होंने कहा, "मैंने सभी से पिकनिक का आनंद लेते समय सतर्क और सावधान रहने का आग्रह किया."