नेपाल की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख ने दिल्ली में बीजेपी नेताओं से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के पुराने और मजबूत रिश्तों पर चर्चा की. बीजेपी नेताओं ने कहा कि दोनों देशों के संबंध साझा संस्कृति, सभ्यता और लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं.

X
Sagar Bhardwaj

नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने मंगलवार को नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की. यह बैठक बीजेपी मुख्यालय में हुई, जहां नेपाली प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया. रबी लामिछाने के नेतृत्व में आरएसपी का प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर आया है. यह दौरा बीजेपी की ओर से दिए गए निमंत्रण के बाद हो रहा है. प्रतिनिधिमंडल सोमवार को नई दिल्ली पहुंचा था.

दोनों देशों के मजबूत रिश्तों पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के पुराने और मजबूत रिश्तों पर चर्चा की. बीजेपी नेताओं ने कहा कि दोनों देशों के संबंध साझा संस्कृति, सभ्यता और लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद दोनों देशों के राजनीतिक दलों के बीच सहयोग को मजबूत करते हैं.

जनता से जुड़ा और सेवा बीजेपी की सफलता का आधार

आरएसपी के नेताओं ने बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे के बारे में भी जानकारी ली. उन्होंने सदस्यता अभियान, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने के तरीकों के बारे में सवाल पूछे. नितिन नवीन ने बताया कि बीजेपी की ताकत उसके बूथ स्तर तक फैले संगठन और आम लोगों की भागीदारी में है. उन्होंने कहा कि लगातार जनता से जुड़ाव और सेवा के काम पार्टी की सफलता का आधार हैं.

पीएम मोदी की विकास नीतियों पर भी हुई चर्चा

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास और सुशासन की नीतियों पर भी चर्चा हुई. बीजेपी नेताओं ने बताया कि विकास, जनसेवा और कल्याणकारी योजनाएं उनकी राजनीति के मुख्य केंद्र हैं.

जेन-Z पर भी साझा किये गए विचार

दोनों पक्षों ने राजनीति में युवाओं, खासकर जेन-Z की भूमिका पर भी विचार साझा किए. नेताओं ने कहा कि युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाने और भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने में महत्वपूर्ण है. बैठक को भारत और नेपाल के राजनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.