menu-icon
India Daily

मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट, निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह; सरकारी दफ्तर आधे दिन खुलेंगे

मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच SDMA ने निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है. गैर जरूरी सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालय आधे दिन तक ही खुलेंगे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट, निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह; सरकारी दफ्तर आधे दिन खुलेंगे
Courtesy: Pinterest (Representative image)

मुंबई: मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने अहम सलाह जारी की है. सोमवार को जारी निर्देशों के अनुसार जहां संभव हो वहां निजी कंपनियां अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें. वहीं जरूरी सेवाओं को छोड़कर गैर जरूरी सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालय केवल आधे दिन तक ही काम करेंगे.

यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD की ओर से मुंबई महानगर क्षेत्र, ठाणे और रायगढ़ के लिए जारी रेड अलर्ट के बाद लिया गया है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है.

IMD ने क्या बताया?

IMD ने बताया कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़ और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. कई जगह सड़कों और पुलों पर पानी भर सकता है. साथ ही कमजोर पेड़ों के गिरने, पुराने और जर्जर भवनों के ढहने तथा भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं.

मौसम विभाग ने क्या दी चेतावनी?

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कोंकण तट पर समुद्र बेहद उफान पर रहेगा. खराब मौसम के कारण सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. बिजली और पानी जैसी जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई है.

बीएमसी ने लोगों से क्या कहा?

इस बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. नागरिकों को पेड़ों, जर्जर इमारतों, होर्डिंग, बिजली के खंभों और अन्य कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

बीएमसी ने लोगों से यह भी कहा है कि अपने वाहन पेड़ों के नीचे पार्क न करें और समुद्र तटों तथा जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें. प्रशासन ने लोगों से केवल सरकारी और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है ताकि अफवाहों से बचा जा सके.

स्थिति से निपटने के लिए क्या की गई व्यवस्था?

बीएमसी के अनुसार मुंबई में स्थिति से निपटने के लिए करीब 15,000 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं. वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं और आपातकालीन सेवाओं का समन्वय कर रहे हैं. किसी भी आपात स्थिति में नागरिक बीएमसी की हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क कर सकते हैं.

प्रशासन ने सभी लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने की अपील की है. लगातार बारिश को देखते हुए आने वाले घंटों में हालात पर विशेष नजर रखी जा रही है.