'हाथ में जूता, पतलून लपेटे'...दिल्ली की बारिश में ऐसे संसद भवन पहुंचे सांसद
राजधानी दिल्ली में हुई मूसलाधार बारिश होने के बाद लुटियंस दिल्ली की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. जहां कई मंत्री और सांसद रहते हैं. इन इलाकों में भारी बारिश के बाद जलभराव से सांसदों को संसद भवन पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.जिससे काफी सांसदों में नाराजगी देखी गई.
दिल्ली में मानसून ने जैसे ही दस्तक दी पूरा शहर पानी-पानी हो गया. पूरी राजधानी जलमग्न हो गई. हर कोई बारिश के पानी से दो चार हुए लेकिन यहां के पॉश इलाकों में जब बाढ़ जैसे हालत हुए तो लोगों का घर से निकला दुर्लभ हो गया. ऐसा ही स्थिति कमोबेश लुटियंस दिल्ली की थी. जहां कई मंत्री और सांसद रहते हैं. भारी बारिश के बाद जलभराव से सांसदों को संसद पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
पानी भरने के कारण सांसदों के कई तरीके अपनाए जिनमें पतलून समेटना, जूते हाथ में लेकर चलना और अपने सहायकों द्वारा उठाकर कार तक ले जाना. ऐसी कई तस्वीर पूरे सोशल मीडिया पर छाई रही. वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ऐसी स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा, बिना नाव के संसद नहीं पहुंच पाएंगे'.
'मेरा पूरा घर एक फुट पानी में डूब गया...'
अपने आवास के बाहर कमर तक पानी जमा होने की तस्वीरें साझा करते हुए थरूर ने सोशल मीडिया X पर लिखा, 'यह लुटियंस दिल्ली में मेरे घर के ठीक बाहर का हिस्सा है. सुबह उठने पर मैंने देखा कि मेरा पूरा घर एक फुट पानी में डूबा हुआ है, हर कमरा कालीन और फर्नीचर, यहां तक कि जमीन पर रखी हर चीज बर्बाद हो गई है'.
ऐसे संसद भवन पहुंचे रामगोपाल यादव
एक ओर ऐसी तस्वीर जिस पर सबकी नजर गई वो थी समाजवादी पार्टी के राज्ससभा सदस्य रामगोपाल यादव की. जहां लोधी एस्टेट स्थित आवास के बाहर पानी भर जाने के कारण रामगोपाल यादव दो लोगों की मदद से अपनी कार तक गए.
कौन जिम्मेदार?
इस बीच नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने आरोप लगाया है कि लुटियंस दिल्ली में जलभराव की समस्या पीडब्ल्यूडी पंपों की खराबी के कारण बढ़ गई. इसके लिए एनडीएमसी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है.