T20 World Cup 2026

MP Election 2023: इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट पर कड़ा है मुकाबला, जानें क्या हैं बड़े मुद्दे

इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट पर मेट्रो ट्रेन और कान्ह नदी की सफाई बड़ा मु्द्दा हैं. इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट एतिहासिक और आर्थिक रूप से काफी संपन्न है. हाई प्रोफाइल सीटों में इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट शामिल है.

Abhiranjan Kumar

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट शामिल है. इस सीट से बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) के बेटे आकाश विजयवर्गीय (Akash vijayvargiya) विधायक हैं. आकाश पहली बार इस सीट से विधायक बने और विधानसभा पहुंचे. इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट एतिहासिक और आर्थिक रूप से काफी संपन्न है. तो चलिए आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं इस सीट से जुड़े सियासी समीकरण.

क्या कहते हैं आंकड़े

इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट में राजबाड़ा सहित कई ऐतिहासिक इमारतें हैं. इसी क्षेत्र में अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, बर्तन बाजार, किराना बाजार समेत कई बड़े बाजार भी हैं. यहां कुल 1 लाख 81 हजार 462 मतदाता हैं. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 91 हजार 345, महिला मतदाताओं की संख्या 90 हजार 53, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 64 है. यहां सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक है और जाम आम बात है.


 

कब कौन जीता

इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट पर 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी से उषा ठाकुर ने कांग्रेस के अश्विन जोशी को मात दी थी. अश्विन जोशी को 55016 वोट मिले थे तो वहीं उषा ठाकुर ने 68334 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी. साल 2008 के चुनाव की बात करें तो कांग्रेस के अश्विन जोशी 45000 वोटों के साथ विजयी हुए थे. बीजेपी से गोपीकृष्ण नेमा 44598 वोट हासिल कर सके थे.

अहम हैं मुद्दे

इंदौर की नंबर-3 विधानसभा सीट पर मेट्रो ट्रेन और कान्ह नदी की सफाई बड़ा मु्द्दा हैं. कान्ह नदी की सफाई पर पिछले 15 साल में 1157 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं. लेकिन, नदी की सफाई नहीं हो सकी है. वाहनों की बढ़ती संख्या की वजह से प्रदूषण बढ़ गया है. इसके अलावा लोग शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी यहां परेशान हैं. युवाओं के सामने बेरोजगारी भी एक बड़ी समस्या है. पूरे देश में चर्चित श्री बेलेश्वर महादेव में बावड़ी हादसा इसी विधानसभा में हुआ था. इस बार के विधानसभा चुनाव में ये भी बड़ा मुद्दा रहेगा. इस हादसे में 36 लोगों की जान चली गई थी.

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: गोहद विधानसभा में BJP ने खोले पत्ते, जानें किस वजह से खास है ये सीट