Madhya Pradesh: एक्शन में CM मोहन यादव, 25 दिनों में 25000 मांस की दुकानें बंद

Madhya Pradesh Politics: उज्जैन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास कार्य जारी रहेंगे और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

Amit Mishra

Madhya Pradesh Meat and Fish Shops: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने रविवार को कहा कि पिछले 25 दिनों में राज्य में खुले स्थानों पर मांस और मछली बेचने वाली 25,000 दुकानें बंद की गई हैं. यादव ने उज्जैन में 218 करोड़ रुपये की 187 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने के बाद कहा, ''मैंने निर्देश दिया था कि खुले में मांस और मछली बेचने वाली दुकानों को हटाया जाना चाहिए. राज्य में इस तरह की करीब 25,000 दुकानें हटा दी गई हैं.''

जारी रहेंगे विकास कार्य

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास कार्य जारी रहेंगे और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा. पिछले साल 13 दिसंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के कुछ घंटे बाद यादव ने राज्य में खुले स्थानों पर मांस और मछली बेचने पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए थे.

क्या बोले मोहन यादव 

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य में ‘मकर संक्रांति’ का त्योहार ‘महिला सशक्तीकरण दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने शहर के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि महाकालेश्वर मंदिर के लिए प्रसिद्ध उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण ने 64 कलाएं सीखी थीं. यादव ने कहा, “उज्जैन वो स्थान है जहां से संघमित्रा और महेंद्र बौद्ध धर्म का प्रचार करने के लिए श्रीलंका गए थे.”