T20 World Cup 2026

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के AI वीडियो पर घमासान, कांग्रेस मीडिया सेल को नोटिस जारी, 3 दिन तक जवाब न देने पर होगी कार्रवाई!

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से जुड़े कथित एआई वीडियो और कैरिकेचर को लेकर लोकसभा विशेषाधिकार विभाग ने कांग्रेस मीडिया सेल को नोटिस जारी किया है. सुप्रिया श्रीनेत समेत आठ पदाधिकारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है.

X (Lok Sabha)
Babli Rautela

नई दिल्ली: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से जुड़े एक कथित एआई वीडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. लोकसभा के विशेषाधिकार विभाग ने इस मामले में कांग्रेस मीडिया सेल को नोटिस जारी किया है. नोटिस में तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. यह कार्रवाई भाजपा सांसद विष्णु दत्त शर्मा की शिकायत के आधार पर की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर स्पीकर के खिलाफ अपमानजनक सामग्री साझा की गई.

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी पत्र में सुप्रिया श्रीनेत समेत एआईसीसी के आठ अन्य पदाधिकारियों से जवाब मांगा गया है. यह नोटिस विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना के आरोपों के तहत जारी किया गया है. सचिवालय के निदेशक बाला गुरु जी ने 11 फरवरी को आधिकारिक पत्र भेजकर संबंधित नेताओं से तीन दिन के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा है. पत्र में साफ किया गया है कि समयसीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोकसभा अध्यक्ष से जुड़ा एक एआई वीडियो और कैरिकेचर साझा किया गया था. शिकायतकर्ता का कहना है कि यह सामग्री संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ है.

लोकसभा सचिवालय ने इसे गंभीर मामला मानते हुए विशेषाधिकार हनन की श्रेणी में रखा है. नोटिस में कहा गया है कि प्राप्त जवाब लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी.

तीन दिन में देना होगा जवाब

सचिवालय ने निर्देश दिया है कि पत्र की प्राप्ति के तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए. साथ ही पत्र की प्राप्ति की पुष्टि भी तुरंत भेजने को कहा गया है, ताकि कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ सके. राजनीतिक हलकों में इस कदम को गंभीर माना जा रहा है. संसद की गरिमा और संवैधानिक पदों के सम्मान को लेकर यह मामला संवेदनशील माना जा रहा है.

इस नोटिस के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो सकती है. विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच पहले से ही कई मुद्दों पर टकराव चल रहा है. ऐसे में यह विवाद आने वाले दिनों में और चर्चा का विषय बन सकता है.