घर के बाहर खड़े वकील को कार ने मारी जोरदार टक्कर, हुई मौत; सामने आया हादसे का सीसीटीवी फुटेज
ख्वाजा वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे और निजीकरण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे. उनके बेटे का आरोप है कि यह हमला वक्फ माफियाओं के खिलाफ उनकी लंबी कानूनी लड़ाई से जुड़ा हो सकता है.
हैदराबाद में शनिवार को एक वरिष्ठ वकील को उनके घर के बाहर एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिवार वालों का आरोप है कि उनकी हत्या जनाबूझकर की गई है. इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ख्वाजा मोइजुद्दीन (63) अपने घर के बाहर खड़ी अपनी टोयोटा इनोवा कार में अपना बैग रख रहे थे, तभी एक स्कॉर्पियो कार उनके नजदीक से गुजरती हुई उन्हें जोरदार टक्कर मार देती है. टक्कर लगने के बाद वह 15 से 20 फीट दूर जाकर गिरते हैं. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि रोड एकदम खाली थी और स्कॉर्पियो ड्राइवर ने उन्हें जानबूझकर टक्कर मारी.
यह घटना नामपल्ली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले मसाब टैंक इलाके में हुई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें एक अन्य अस्पताल में रेफर किया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
एक मीडिया चैनल से बातचीत में ख्वाजा मोइजुद्दीन के वकील बेटे मोहम्मद फरहान ने बताया कि उनके पिता को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं और उन पर हमले भी हुए हैं. उन्होंने दो लोगों का नाम लिया जो उनके पिता की हत्या के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं.
हत्या का मामला दर्ज
डीसीपी रक्षिता कृष्ण मूर्ति ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच के लिए 4 से 5 टीमें गठित की गई हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस ने हिट एंड रन केस दर्ज कर वाहन को पता लगाने के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया है. बता दें कि ख्वाजा वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे और निजीकरण के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे. उनके बेटे का आरोप है कि यह हमला वक्फ माफियाओं के खिलाफ उनकी लंबी कानूनी लड़ाई से जुड़ा हो सकता है.