Asian Games 2026 BRICS 2026

16 साल बाद वापिस लोटेगा भगोड़ा ललित मोदी, वीडियो जारी कर किया ऐलान

आईपीएल के संस्थापक ललित मोदी ने 16 साल बाद भारत लौटने की इच्छा जताई है. 2009 आईपीएल दक्षिण अफ्रीका आयोजन से जुड़े FEMA मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से राहत मिलने के बाद उन्होंने इसे अपने लंबे कानूनी संघर्ष की बड़ी जीत बताया.

social media
Kuldeep Sharma

आईपीएल के पहले चेयरमैन और संस्थापक ललित मोदी ने कहा है कि वह करीब 16 साल बाद भारत लौटने की तैयारी कर रहे हैं. 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से राहत मिलने के बाद उन्होंने यह घोषणा की है.

16 साल पुराने विवाद में मिली बड़ी राहत

ललित मोदी ने कहा कि यह फैसला उनके लिए लंबे कानूनी संघर्ष का अंत है. उनके अनुसार, पिछले 16 वर्षों से वह लगातार यह कहते रहे कि उन्होंने आईपीएल के हित में ही सभी फैसले लिए थे और अब न्यायाधिकरण के आदेश ने उनकी बात को सही साबित कर दिया है. उन्होंने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि अब वह इस अध्याय को पीछे छोड़कर जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए आईपीएल हमेशा सबसे महत्वपूर्ण रहा है और इसी उद्देश्य से उन्होंने काम किया था.

यहां देखें वीडियो


साल के अंत तक भारत लौटने की तैयारी

मोदी ने बताया कि वह इस साल के आखिर या अगले साल की शुरुआत में भारत लौट सकते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी अक्टूबर में बच्चे को जन्म देने वाली हैं और वह पहले अपने पोते के जन्म का इंतजार करेंगे. इसके बाद भारत वापसी की योजना पर अमल करेंगे. वर्ष 2010 से भारत से बाहर रह रहे मोदी ने कहा कि अब वह अपने देश लौटकर नई शुरुआत करना चाहते हैं. उनके मुताबिक, कानूनी राहत मिलने के बाद उनके सामने वापसी का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया है.

क्या था 2009 आईपीएल और FEMA विवाद?

यह मामला वर्ष 2009 का है, जब लोकसभा चुनावों के कारण आईपीएल का आयोजन भारत के बजाय दक्षिण अफ्रीका में कराया गया था. प्रवर्तन निदेशालय ने आरोप लगाया था कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए विदेश भेजी गई राशि में रिजर्व बैंक की पूर्व अनुमति नहीं ली गई और इससे FEMA नियमों का उल्लंघन हुआ. इसी आधार पर जांच शुरू हुई और कई वर्षों तक कानूनी प्रक्रिया चलती रही. यह मामला लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा.

न्यायाधिकरण ने क्या कहा?

स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (फॉरफीचर ऑफ प्रॉपर्टी) एक्ट के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने अपने फैसले में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए दंड को निरस्त कर दिया. न्यायाधिकरण ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड में ऐसा कोई ठोस आधार नहीं मिला जिससे यह साबित हो सके कि ललित मोदी कथित FEMA उल्लंघनों के लिए जिम्मेदार थे. साथ ही यह भी माना गया कि संबंधित विदेशी भुगतान चालू खाते के लेनदेन थे, न कि पूंजी खाते  के.

आईपीएल के निर्माता रहे हैं ललित मोदी

ललित मोदी को आईपीएल का प्रमुख आर्किटेक्ट माना जाता है. उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत कर इसे दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग बनाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि वर्ष 2010 के बाद प्रवर्तन निदेशालय, बीसीसीआई और आयकर विभाग की विभिन्न जांचों के चलते वह भारत छोड़कर विदेश में रहने लगे थे. अब न्यायाधिकरण से राहत मिलने के बाद उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह भारत लौटकर अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं.