Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'BJP में जाओ, भ्रष्टाचार का लाइसेंस पाओ, तानाशाही बंद करो,' संसद भवन के बाहर इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन

संसद भवन के मकर द्वार पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है. नेताओं ने कहा कि ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग बंद होना चाहिए, विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकार एक्शन लेना बंद कर दे. आम आदमी पार्टी ने नेता संजय सिंह ने कहा है कि सरकार, अलोकतांत्रिक तरीके से संसद में भी विपक्ष की आवाज दबा रही है.

Social Media
India Daily Live

नई संसद के मकर द्वार पर पहली बार, विपक्षी दलों के सारे नेता एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते नजर आए. सबने एक सुर में सोमवार को कहा कि देश में केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद होना चाहिए. इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा है कि एक राज्य के सत्तारूढ़ मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करके जेल भेज देना, गैरकानूनी है और अब केंद्र को ईडी और सीबीआई का दुरपयोग बंद कर देना चाहिए. विपक्षी नेताओं को टारगेट किया जा रहा है. अरविंद केजरीवाल ने कोई गुनाह नहीं किया है जो उन्हें तिहाड़ जेल में बंद किया गया है.

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल की दिल्ली शराब नीति केस में गिरफ्तारी गलत है. इंडिया गठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. विपक्ष का कहना है कि ये गिरफ्तारियां नरेंद्र मोदी सरकार करा रही है और वह विपक्ष को ही जेल में डालना चाहते हैं. इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने कहा है कि तानाशाही बंद होनी चाहिए. सरकार विपक्ष के खिलाफ तनाशाहीपूर्ण तरीके आजमा रही है.

किन सांसदों ने लिया है हिस्सा?

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस नेता शशि थरूर, केसी वेणुगोपाल, मनीष दिवारी, के सुरेश, वर्षा गायकवाड़, जोस के मणि, सागरिका घोष, प्रियंका चतुर्वेदी, एंटो एंटनी और संजय सिंह जैसे नेताओं ने केंद्र के खिलाफ जमकर नारेजाबीकी. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की जल्द से जल्द रिहाई होनी चाहिए. 

संसद के बाहर गूंजे कौन से नारे?

इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने जमकर नारे लगाए. लोगों ने पोस्टर लहराए, जिनमें लिखा था, 'ईडी, आईटी और सीबीआई के इस्तेमाल को रोको, तानाशाही बंद करो, भाजपा में जाओ, भ्रष्टाचार का लाइसेंस पाओ, विपक्ष का सम्मान करो, चुप्पी तोड़ो.' विपक्ष एक अरसे से केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगा रहा है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लेकर अरविंद केजरीवाल तक की गिरफ्तारी पर हंगामा बरपा है. संसद में नीट मुद्दे पर भी लोगों ने हंगामा किया.