'अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे भी उसी किले से धक्का दे दो', केतन हत्याकांड पर सिया के परिवार ने तोड़ी चुप्पी
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, कानून के अनुसार उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के बीच आरोपी सिया गोयल के परिवार ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी है. सिया के माता-पिता ने केतन की मौत पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह उनके लिए भी बेटे जैसा था. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के तहत कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए.
परिवार ने जताया गहरा दुख
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन उनके परिवार का हिस्सा बन चुका था और कुछ महीनों बाद दोनों की शादी होने वाली थी. उन्होंने बताया कि परिवार ने इस रिश्ते को पूरे मन से स्वीकार किया था और भविष्य को लेकर कई सपने देखे थे. उनके अनुसार सिया ने कभी शादी को लेकर किसी असहमति की बात परिवार के सामने नहीं रखी. उन्होंने कहा कि यदि किसी तरह की परेशानी की जानकारी पहले मिलती तो दोनों परिवार मिलकर समाधान निकालने का प्रयास करते.
सिया के पिता ने कहा कि हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस किले से केतन को फेंका गया अगर मेरी बेटी भी दोषी पाई जाती है तो उसको भी उसी किले से धक्का दे देना चाहिए.
Also Read
पुलिस जांच में सामने आए अलग दावे
दूसरी ओर पुलिस की जांच में अलग तस्वीर सामने आने का दावा किया गया है. जांच एजेंसियों के अनुसार सिया कथित रूप से इस विवाह को लेकर इच्छुक नहीं थी और पूछताछ में उसने पहले से एक अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने की बात कही. पुलिस का आरोप है कि इसी तनाव के चलते घटना की साजिश रची गई. हालांकि इन दावों की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएंगे.
हत्या की साजिश का आरोप, जांच जारी
पुलिस के अनुसार 18 जून को लोहागढ़ किले की यात्रा के दौरान केतन अग्रवाल की मौत को पहले दुर्घटना माना गया था, लेकिन बाद की जांच में इसे कथित साजिश का हिस्सा बताया गया. जांच एजेंसियों ने डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं सह-आरोपी के परिवार ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए उन्हें झूठा बताया है. फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है.