T20 World Cup 2026

तिंरगे को पैर से मोड़ा, असम की महिला प्रिसिंपल ने की घिनौनी हरकत, राष्ट्रीय ध्वज के अपमान पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

असम के गुवाहाटी में स्थित गोपीनाथ देव गोस्वामी हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका, आरोपी फातिमा खातून पर राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, नागांव सीजेएम कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है.

Social Media
Mayank Tiwari

असम के नगांव जिले के समागुरी क्षेत्र में गोपीनाथ देव गोस्वामी हाई स्कूल की हेडमिस्ट्रेस फातिमा खातून को शनिवार (16 अगस्त) को गिरफ्तार किया गया. उन पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) को पैरों की मदद से मोड़ने का आरोप है। एक वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि खातून ने स्कूल परिसर में ध्वज को अपने पैर के नीचे रखकर और घुटनों से मोड़ने की कोशिश की. इस घटना के बाद उन्हें प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 की धारा 2 के तहत गिरफ्तार किया गया और नगांव सीजेएम कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गुवाहाटी पुलिस का कहना है कि, फातिमा खातून ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छात्रों की मौजूदगी में ध्वज फहराया था. जहां अगली सुबह करीब 7:30 बजे वह अकेले स्कूल लौटीं और ध्वज को उतारा. खातोवाल पुलिस स्टेशन के ओसी संजीब बोरा ने बताया कि यह काम “आपत्तिजनक तरीके से” किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. जिसके बाद स्थानीय गांव वालों ने स्कूल परिसर में एकत्र होकर इस कथित अपमान की निंदा की.

 हेडमिस्ट्रेस ने किया अपना बचाव

गोपीनाथ देव गोस्वामी हाई स्कूल की हेडमिस्ट्रेस फातिमा खातून ने अपने बचाव में कहा, “ध्वज उतारने के लिए कोई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपलब्ध नहीं था. इसके साथ ही काम के लिए नियुक्त क्लर्क समय पर नहीं आया, और नियमित कर्मचारी मेडिकल अवकाश पर था.” हालांकि, उनका यह स्पष्टीकरण विवाद को शांत करने में नाकाम रहा.

 शिक्षा विभाग ने की कड़ी कार्रवाई

नगांव के स्कूल इंस्पेक्टर ने खातून को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इसके साथ ही राज्य शिक्षा विभाग उनकी निलंबन की संभावना पर विचार कर रहा है, क्योंकि इसे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति लापरवाही और अपमान के रूप में देखा जा रहा है.

 राष्ट्रीय ध्वज को सही तरीके से मोड़ने का तरीका

भारतीय तिरंगे को सही ढंग से मोड़ने के लिए, इसे सपाट बिछाएं, केसरिया और हरे रंग की पट्टियों को अंदर की ओर मोड़ें ताकि अशोक चक्र वाली सफेद पट्टी दिखाई दे. फिर, इसे एक साफ चौकोर आकार में मोड़ें, जिसमें चक्र के दोनों ओर केसरिया और हरा किनारा हो. आखिर में, राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक हथेलियों या बाहों पर रखकर संग्रह करें.