महिला के अंडरगारमेंट्स में छिपा था 6 करोड़ का सोना, मुंबई एयरपोर्ट पर पुलिस की तलाशी में खुला राज

मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई ने सोने की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम कर दी है. दुबई से आई एक महिला के कपड़ों में छिपाए गए करीब चार किलोग्राम सोने के बार बरामद किए गए जिनकी कीमत लगभग छह करोड़ रुपये बताई गई.

social media
Kuldeep Sharma

राजस्व खुफिया निदेशालय यानी डीआरआई ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला यात्री को गिरफ्तार कर सोने की तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है. महिला दुबई से भारत पहुंची थी और उस पर पहले से संदेह होने के कारण अधिकारियों ने विशेष निगरानी रखी हुई थी.

खुफिया सूचना के बाद बढ़ाई गई निगरानी

अधिकारियों को पहले से जानकारी मिली थी कि दुबई से आने वाली एक महिला यात्री सोने की तस्करी में शामिल हो सकती है. इसी सूचना के आधार पर डीआरआई ने एयरपोर्ट पर अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी. शुक्रवार को जब संबंधित उड़ान मुंबई पहुंची तो अधिकारियों ने संदिग्ध महिला पर नजर रखी. सामान्य जांच प्रक्रिया के दौरान उसके हाव-भाव और गतिविधियों ने टीम का शक को और बढ़ा दिया. इसके बाद उसे अलग ले जाकर विस्तृत पूछताछ की गई. शुरुआती जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर अधिकारियों ने उसके सामान और व्यक्तिगत तलाशी की प्रक्रिया शुरू की.

तलाशी में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा

जांच के दौरान अधिकारियों को महिला के कपड़ों के भीतर बेहद सावधानी से छिपाए गए चार विदेशी मार्किंग वाले गोल्ड बार मिले. बरामद सोने का कुल वजन लगभग चार किलोग्राम बताया गया है. जांच एजेंसियों के अनुसार, भारतीय बाजार में इसकी कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई है. तस्करी के इस तरीके ने अधिकारियों को भी चौंका दिया, क्योंकि सोने को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना आसान नहीं था. बरामदगी के बाद सोने को जब्त कर लिया गया और महिला को कस्टम्स कानून के तहत हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई.


तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी एजेंसियां

डीआरआई अब इस मामले के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि सोना दुबई से किस व्यक्ति या समूह ने भेजा था और भारत में इसे किस तक पहुंचाया जाना था. जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि महिला इस कथित तस्करी गिरोह की सक्रिय सदस्य है या केवल वाहक के रूप में इस्तेमाल की गई थी. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. हाल के वर्षों में हवाई अड्डों पर सोने की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क बनी हुई हैं.