IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

'राजनीतिक स्लीपर सेल राहुल गांधी की जुबान चुप क्यों हो गई', ट्रेन हादसों को लेकर गिरिराज का विपक्ष पर हमला

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने देश में हाल में हुईं कुछ रेल दुर्घटनाओं के पीछे पाकिस्तान से जुड़े 'स्लीपर सेल' का हाथ होने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि हाल ही में हुई रेल दुर्घटनाओं के पीछे पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों के स्लीपर सेल और एक विशेष समुदाय के लोग शामिल हैं. ये आतंकवादियों का स्लीपर सेल है और राजनीतिक स्लीपर सेल भी है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस सब पर चुप क्यों हैं?

social media
India Daily Live

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्रेन के पटरी से उतरने की हाल की घटनाओं पर चिंता जताई और दावा किया कि पाकिस्तान के आतंकवादियों के कुछ 'स्लीपर सेल' इन हमलों को अंजाम दे रहे हैं. गुरुवार को एक एक्स पोस्ट में भाजपा नेता ने ये भी दावा किया कि एक विशेष समुदाय के लोग इस तरह के सभी हमलों को अंजाम दे रहे हैं, इसलिए उनके राजनीतिक स्लीपर सेल भी इस मुद्दे पर चुप हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो में कुछ लोगों की ओर से ट्रैक पर अलग-अलग चीजें रखकर ट्रेन की आवाजाही में बाधा डालने के बारे में पूछे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो में बच्चों को हथौड़ों से रेलवे ट्रैक के जोड़ हटाते हुए दिखाया गया है. उन्होंने कहा कि हाल ही में जो रेल दुर्घटनाएं हुई हैं, उनमें एक खास समुदाय के लोग शामिल हैं, जो आतंकवादियों का स्लीपर सेल है और राजनीतिक स्लीपर सेल भी है. उन्होंने पूछा कि आखिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस सब पर चुप क्यों हैं?

रेलवे पटरियों पर पाई गई पहले से रखी गई वस्तुएं

इस महीने की शुरुआत में, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 24 साल के एक लड़के को ट्रैक पर विभिन्न वस्तुएं रखकर ट्रेन की आवाजाही में बाधा डालने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से उसके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज किए जाने के बाद 1 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया गया था. कई वायरल वीडियो में उसे रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर, सिक्के, ईंटें आदि जैसी वस्तुएं रखते हुए भी दिखाया गया था. 

इसके बाद 18 अगस्त को मध्य प्रदेश के कछपुरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर लोहे की रॉड और अन्य वस्तुएं मिलीं थीं. इस रूट से गुजर रही नैनपुर-जबलपुर पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का इंजन उस वस्तु से टकरा गया था. हालांकि, ट्रेन पटरी से नहीं उतरी थी.

23 अगस्त को उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रेलवे ट्रैक के पास लकड़ी का एक टुकड़ा मिला, जिसके कारण कई ट्रेनें देरी से चलीं. 

रेल मंत्री बोले- चिंताजनक बातें सामने आईं हैं

रेल दुर्घटनाओं को लेकर विपक्ष के हमले का सामना कर रहे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि रेलवे हर घटना की विस्तृत जांच कर रहा है और दावा किया कि ट्रेनों के पटरी से उतरने की हालिया घटनाओं में कुछ परेशान करने वाली प्रवृत्तियां सामने आई हैं.

वैष्णव की ये टिप्पणी उस समय आई जब वे रेलवे पटरियों पर पत्थर और छड़ रखे जाने के कारण ट्रेनों के पटरी से उतरने की घटनाओं पर सवालों का जवाब दे रहे थे. वैष्णव ने 28 अगस्त को कहा कि कुछ घटनाओं में कुछ परेशान करने वाली प्रवृत्तियां हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाना चाहिए.

कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि रेलवे और रक्षा ऐसे संगठन हैं जिन्हें राजनीति से ऊपर होना चाहिए. मेरा मानना ​​है कि रेलवे को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. वैष्णव ने ये भी कहा कि रेलवे देश की जीवन रेखा है और अगर कुछ भी नकारात्मक होता है, तो यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए कि ट्रेनें बहुत कुशल तरीके से चलें.

एक अलग सवाल के जवाब में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे ने पिछले वर्ष के दौरान मौजूदा नेटवर्क में 5,300 किलोमीटर रेलवे लाइनें जोड़ी हैं. वैष्णव ने कहा कि 10 साल पहले, रेलवे में औसत निर्माण गति चार किलोमीटर प्रति दिन थी. आज, ये 14.5 किलोमीटर प्रति दिन है. उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत रेलवे परियोजनाएं अगले पांच वर्षों में पूरी हो जाएंगी.