T20 World Cup 2026

शादीशुदा बहन से बात करने पर जिगरी दोस्त का बेरहमी से किया मर्डर, पुलिस स्टेशन जाकर किया सरेंडर, राजकोट में दिल दहलाने वाली वारदात

घटना के समय महेश ने निलेश से बहस की और कहा कि 'अगर मैं तेरी बहन से बात करूं तो तुझे कैसा लगेगा?' इसके बाद उसने वहां मौजूद लोगों को बीच में न आने की चेतावनी दी.

Social Media
Anuj

रोजकोट: गुजरात राज्य के राजकोट शहर में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शक के चलते एक दोस्त ने अपने ही दोस्त को बेरहमी से मार डाला. यह वारदात मंगलवार, 3 फरवरी को दोपहर करीब 3:30 बजे हुई. घटना स्पीडवेल चौक के पास वास्तु प्लाजा इलाके में माधव होटल के नजदीक घटी. आरोपी ने इस खौफनाफ घटना को महज 44 सेकंड में अंजाम दिया.

मृतक व्यक्ति की पहचान निलेश धोखिया के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 43 साला थी. निलेश दो बच्चों के पिता थे और राजकोट में अपने परिवार के साथ रहते थे. जानकारी के अनुसार, आरोपी महेश जेठवा निलेश का दोस्त था और दोनों एक ही व्यवसाय से जुड़े हुए थे, लेकिन शक और गलतफहमी ने इस दोस्ती को खून में बदल दिया.

अवैध संबंध का शक

पुलिस जांच में सामने आया कि महेश को शक था कि उसकी शादीशुदा बहन प्रज्ञा और निलेश के बीच अवैध संबंध है. प्रज्ञा अपने ससुराल गिर सोमनाथ जिले में रहती थी, लेकिन निलेश से संपर्क में थी. जब यह बात प्रज्ञा के पति को पता चली, तो उसने अपने साले महेश को इसकी जानकारी दी. इसी शक और गुस्से में महेश ने निलेश को जान से मारने का फैसला कर लिया.

चाकू से किए 8 वार

घटना के समय महेश ने निलेश से बहस की और कहा कि 'अगर मैं तेरी बहन से बात करूं तो तुझे कैसा लगेगा?' इसके बाद उसने वहां मौजूद लोगों को बीच में न आने की चेतावनी दी. फिर उसने चाकू निकालकर निलेश के सीने, पेट और कमर पर करीब आठ बार वार किए.

निलेश वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से भी वीडियो बना लिए. सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने निलेश को मृत घोषित कर दिया.

आरोपी ने थाने में किया सरेंडर

हत्या के बाद आरोपी महेश जेठवा खुद गांधीग्राम पुलिस स्टेशन पहुंचा और सरेंडर कर दिया. उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त की हत्या की है. मृतक के बड़े भाई रमेश धोखिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.