किश्तवाड़ में सेना के जवानों ने जैश के 3 खूंखार आतंकियों को किया ढेर, आतंकी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों ने एक भीषण और दिनभर चली मुठभेड़ के बाद जैश-ए-मोहम्मद के तीन खूंखार आतंकवादियों को मार गिराया है. 'ऑपरेशन त्रैशी-I' के तहत हुई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है, जो सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क के लिए एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है.
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुर्गम और बीहड़ जंगलों में रविवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी. भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स, काउंटर-इंटेलिजेंस फोर्स (CIF) डेल्टा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जांबाजों ने एक संयुक्त और सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर 'ऑपरेशन त्रैशी-I' (Operation Trashi-I) का आगाज किया. बर्फ की हल्की चादर से ढके चतरू वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने आतंकियों की घेराबंदी कर उन्हें आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन आतंकियों द्वारा की गई भारी गोलाबारी ने इस अभियान को एक भीषण मुठभेड़ में तब्दील कर दिया.
यह मुठभेड़ सुबह करीब 11 बजे उस समय शुरू हुई जब सर्च पार्टियों ने एक ऊंची पहाड़ी की तलहटी में स्थित एक कच्चे मकान (मडहाउस) को अपनी जद में ले लिया. आतंकियों ने खुद को घिरता देख सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. ऊंचाई वाले चुनौतीपूर्ण भौगोलिक हालातों और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बावजूद सुरक्षा बलों ने अपना शिकंजा ढीला नहीं होने दिया. शुरुआती घंटों में दो आतंकियों को मार गिराया गया था, लेकिन दोपहर बाद जब पूरे इलाके की सघन तलाशी ली गई, तो मलबे के बीच तीसरे आतंकी का झुलसा हुआ शव भी बरामद हुआ.
जैश के नेटवर्क को लगा तगड़ा झटका, बरामद हुए हथियार
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने एके-47 राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया है. सैन्य सूत्रों और खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, मारे गए तीनों आतंकी प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े थे और माना जा रहा है कि वे पाकिस्तानी नागरिक थे. प्राथमिक जानकारी में एक आतंकी की पहचान 'सैफुल्ला' के रूप में की गई है, हालांकि आधिकारिक शिनाख्त की प्रक्रिया अभी जारी है. व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक सख्त संदेश जारी करते हुए कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं होगा.
आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता
किश्तवाड़ का चतरू बेल्ट पिछले कुछ हफ्तों से सुरक्षा बलों के रडार पर है. पिछले महीने ही इस क्षेत्र में लगभग छह बार मुठभेड़ की स्थितियां बनी थीं. रविवार की यह कामयाबी जम्मू संभाग में जैश-ए-मोहम्मद के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए चलाए जा रहे शीतकालीन अभियान का हिस्सा है. इस साल अब तक सुरक्षा बलों ने उधमपुर, कठुआ और किश्तवाड़ जैसे इलाकों में जैश से जुड़े कुल सात आतंकियों को ठिकाने लगाया है. सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान अभी भी जारी है ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह समाप्त किया जा सके.
और पढ़ें
- टॉप ब्रांड्स के दूध में 98 गुना अधिक मिला मल में पाया जाने वाला बैक्टीरिया! आपका दूध पीने के लिए कितना सुरक्षित
- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल का 'सीक्रेट' ऑपरेशन, लश्कर के टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़; 8 संदिग्ध गिरफ्तार
- समुद्र के बीचों-बीच शिप में पकड़ी गई तस्करी की बड़ी खेप, भारतीय तटरक्षक बल ने नाकाम की साजिश; निकला ईरानी कनेक्शन