मुंबई के मजगांव में गणपति जुलूस में फेंका अंडा, दो गुटों में हुई झड़प; पुलिस तैनात

मुंबई के मजगांव इलाके में गणपति जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद तनाव फैल गया. घटना के बाद दो गुटों के बीच झड़प हुई, जिसके चलते इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है.

X (@khojepatrakaar)
Shanu Sharma

मुंबई के मजगांव इलाके में गणपति जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद रविवार और सोमवार की दरमियानी रात तनाव की स्थिति पैदा हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने पास की एक इमारत से गणपति जुलूस पर अंडे फेंके. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया.

घटना के बाद भीड़ में जय श्री राम और वंदे मातरम के नारे लगाए गए. इसी दौरान दो गुटों के बीच झड़प हो गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित किया.

24 घंटे में कार्रवाई की मांग

अखिल पब्लिक फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष हितेश जाधव ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि भगवान गणपति का आगमन हो चुका था और पास की इमारतों से किसी ने अंडे फेंके, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया.


स्थानीय लोगों ने इस घटना की तुलना अगस्त 2022 में नागपाड़ा के कमाठीपुरा इलाके में हुई घटना से की है. उस समय गणेश प्रतिमा के जुलूस पर अंडे फेंके जाने के बाद दो गुटों के बीच विवाद और झड़प हुई थी. पुलिस ने उस मामले में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153ए और 295ए के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. बाद में आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था.