IPL 2026 Holi 2026

डंकी रूट का खौफनाक सच... पंजाब के एक व्यक्ति को आया हार्ट अटैक, एजेंट्स को दिए थे लाखों रुपये

Dunki Route: जब से अमेरिका ने 104 अवैध भारतीय अप्रवासियों को भारत वापस भेजा है तब से लेकर अब तक डंकी रूट काफी चर्चा में है. अब एक खबर आई है जिसमें पंजाब के एक व्यक्ति को इस रास्ते पर हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई.

Shilpa Srivastava

Dunki Route: जब से अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किया गया है, तब से डंकी रूट को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इसे लेकर कई लोगों ने अपनी आपबीती बताई है. हाल ही में आई खबर के अनुसार, पंजाब के एक युवक की दिल का दौरा पड़ने से गुयातेमाला में मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब वह अवैध मार्ग से अमेरिका जाने की कोशिश कर रहा था. 

पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह ढिल्लों ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में की, जो अमृतसर जिले के अजनेला गांव का रहने वाला था.

अमेरिका जाने के लिए डंकी रूट का किया था इस्तेमाल: 

गुरप्रीत सिंह अमेरिका जाने के लिए 'डंकी रूट' का इस्तेमाल कर रहा था, जो एक अवैध मार्ग है और अक्सर प्रवासी इस रास्ते से अमेरिका पहुंचने की कोशिश करते हैं. उनके परिवार ने इसके लिए एजेंट्स को 16.5 लाख रुपये भी दिए थे. बता दें कि इस रास्ते पर जान का जोखिम होता है, जो कई बार जानलेवा भी साबित होता है. 

पंजाब के मंत्री ने की युवाओं से अपील: 

कुलदीप सिंह ढिल्लों ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और लोगों को अपील की है कि इस तरह के अवैध रास्तों से बचना चाहिए और इसके बजाय भारत में स्किल एजुकेशन लेनी चाहिए. उन्होंने बताया कि यह घटना एक और उदाहरण है कि अवैध प्रवासन के रास्ते पर जाने से जान का खतरा बढ़ जाता है. मंत्री ने युवाओं से यह भी अपील की कि वे अपने पैसे का इस्तेमाल राज्य में बिजनेस शुरू करने के लिए करें.

बता दें कि यह घटना उस समय सामने आई है जब 5 फरवरी को 104 भारतीय प्रवासियों, जिनमें पंजाब के 30 लोग शामिल थे, को अमेरिकी सैन्य विमान से वापस भारत भेजा गया था. यह सब अवैध प्रवासन की समस्या को और उजागर करता है.