'अरविंद केजरीवाल ने तुम्हें टेम्परेरी CM कहा मुझे बहुत दुख हुआ', दिल्ली LG ने आतिशी को लिखा पत्र

एलजी सक्सेना ने अपने पत्र में लिखा मैंने अपने ढाई साल के कार्यकाल में मैंने मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को मुख्यमंत्री का काम करते देखा है. केजरीवाल ने सीएम रहते एक भी फाइल पास नहीं की.

Sagar Bhardwaj

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की उस टिप्पणी पर आपत्ति जताई जिसमें उन्होंने अपनी उत्तराधिकारी आतिशी को अस्थायी यानी टेम्परेरी मुख्यमंत्री कहा. सीएम आतिशी को लिखे पत्र में एलजी सक्सेना ने कहा, 'मुझे यह बहुत ही आपत्तिजनक और दुखद लगा जब कुछ दिन पहले आपके पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आपको मीडिया में सार्वजनिक रूप से अस्थायी सीएम कहा.'

यह राष्ट्रपति का अपमान
एलजी ने कहा कि ऐसा कहकर उन्होंने राष्ट्रपति का अपमान किया है जिन्होंने आपको नियुक्त किया और सीएम पद की शपथ दिलाई. उन्होंने आगे लिखा, 'यह केवल आपका ही नहीं आपके नियोक्ता महामहिम और आपके प्रतिनिधि के रूप में मेरा भी अपमान था.  केजरीवाल ने आपको सार्वजनिक रूप से जो अस्थायी कहा उसका संविधान में कभी भी उल्लेख नहीं है. यह बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा लिखे गए संविधान का भी अपमान है.'

आतिशी के काम की जमकर की तारीफ
एक तरफ जहां उन्होंने अरविंद केजरीवाल को जमकर लताड़ा वहीं दूसरी तरफ बतौर सीएम आतिशी के काम की जमकर तारीफ की. एलजी ने आतिशी को लिखे पत्र में कहा, 'जब आपने मुख्यमंत्री पत्र की शपथ ली तो मैंने आपको दिल से धन्यवाद दिया अपने ढाई साल के कार्यकाल में मैंने मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को मुख्यमंत्री का काम करते देखा है. जहां आपके पिछले मुख्यमंत्री के पास एक भी विभाग नहीं था और न ही उन्होंने एक भी फाइल पर साइन किए वहीं आपने कई विभागों का चार्ज संभाला और कई प्रशासनिक मुद्दों को सुलझाने की कोशिश की.' एलजी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कई ऐसी योजनाओं को प्रमोट किया जो अस्तित्वहीन थीं.

हजार गुना बेहतर
बता दें कि एलजी सक्सेना ने पहले भी आतिशी को केजरीवाल से हजार गुना बेहतर मुख्यमंत्री बताया था. गौरतलब है कि दिल्ली में अगले साल फरवरी में चुनाव होने वाले हैं.