iPhone नहीं, बल्कि इस वजह से टूटा परिवार! महाराष्ट्र मामले में सामने आई नई जानकारी

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक परिवार के साथ हुई दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की जांच में सामने आया है कि 19 वर्षीय कुणाल अपने माता-पिता को फिर से साथ देखना चाहता था.

X
Shilpa Srivastava

संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक परिवार के साथ हुई दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की जांच में सामने आया है कि 19 वर्षीय कुणाल अपने माता-पिता को फिर से साथ देखना चाहता था. परिवार के रिश्तेदारों के मुताबिक, माता-पिता के बीच लंबे समय से चल रहे मतभेदों का असर कुणाल पर भी था. यह घटना खुवाडिया पहाड़ी पर हुई.

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुणाल, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की मौत हो गई. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जानकारी के मुताबिक, कुणाल सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था. बताया गया कि उसे अपनी क्लास के लिए जाना था. लेकिन जब वह सुबह 9:10 बजे तक संस्थान नहीं पहुंचा तो वहां से उसकी मां को फोन किया गया.

खुवाडिया पहाड़ी के पास मिली लोकेशन:

कुणाल की लोकेशन खुवाडिया पहाड़ी के पास मिली. सुबह करीब 10 बजे से 10:30 बजे के बीच उसके पहाड़ी पर होने की जानकारी सामने आई. ग्रामीणों ने करीब 10:45 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया.


रिश्तेदारों ने बताया अलग पारिवारिक कारण:

संगीता के मायके पक्ष के रिश्तेदारों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच काफी समय से मतभेद थे. इन मतभेदों में संपत्ति से जुड़े विवाद भी शामिल बताए गए हैं. रिश्तेदारों का कहना है कि कुणाल अपने माता-पिता को दोबारा साथ देखना चाहता था और परिवार में चल रहे विवाद खत्म करना चाहता था. परिवार के अनुसार, कुणाल पढ़ाई में अच्छा था. उसने इस साल CBSE की 10वीं कक्षा की परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. बताया गया कि वह आगे चलकर MBBS की पढ़ाई करना चाहता था.

पिता के परिवार ने बताई अलग कहानी:

मुरलीधर की बहन शोभा राजेंद्र मस्के ने परिवार के रिश्तों को लेकर अलग जानकारी दी. उनके अनुसार, मुरलीधर और संगीता की शादी करीब 22 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी. उन्होंने दावा किया कि मुरलीधर के माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे और शादी में शामिल भी नहीं हुए थे. उनके मुताबिक, शादी के बाद भी मुरलीधर और उनके परिवार के बीच रिश्ते सामान्य नहीं रहे. उन्होंने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों का भी जिक्र किया. हालांकि, इन सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है.

रेस्क्यू के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा:

जब पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहाड़ी पर पहुंची तो कुणाल पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में था. बताया गया कि वह बार-बार अपनी जगह बदल रहा था. पुलिस और बचाव दल के लोगों ने उसे नीचे आने के लिए समझाने की कोशिश की.

बता दें कि सुरक्षा के लिए नीचे नेट भी लगाया गया था. इसी दौरान कुणाल के पिता मुरलीधर उसके पास पहुंचे और उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों करीब 300 फीट नीचे चट्टानी इलाके में गिर गए. यह देखकर कुणाल की मां संगीता ने भी कुछ ही समय बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी. हादसे में तीनों की मौत हो गई. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड का एक कर्मचारी भी मामूली रूप से घायल हुआ. तीनों शवों को दोपहर करीब 2:30 बजे घाटी अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया.