जिन पर करप्शन रोकने की जिम्मेदारी वही कर रहे भ्रष्टाचार, मुंबई में ED का अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
CBI Arrested ED Assistant Director: सीबीआई ने प्रवर्तन निदेशालय के असिस्टेंट डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है. अधिकारी को सीबीआई ने रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. ईडी के अधिकारी ने मुंबई के एक ज्वैलर्स को धमकाने के बाद यह रिश्वत ली थी.
CBI Arrested ED Assistant Director: सोचिए जिन अधिकारियों पर भ्रष्टाचार रोकने का आरोप हो वह ही भ्रष्टाचार करने लगें, अवैध गतिविधियों में शामिल होने लगें तो क्या होगा? सीबीआई ने रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है. रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक सहायक निदेशक को मुंबई के एक ज्वैलर्स से 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है . आरोप है कि ईडी निदेशक ने जौहरी को उसके बेटे को गिरफ्तार न करने के बदले में रिश्वत देने की धमकी दी थी.
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अधिकारी यादव को एजेंसी की मुंबई इकाई ने राष्ट्रीय राजधानी में रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
बातचीत के बाद कम की गई रिश्वत की रकम
ईडी ने 3 और 4 अगस्त को जौहरी विपुल हरीश ठक्कर के परिसरों पर छापेमारी की थी. सीबीआई द्वारा की गई जांच के अनुसार, सहायक निदेशक संदीप सिंह यादव ने ठक्कर के बेटे को 25 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने पर गिरफ्तार करने की धमकी दी थी. अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद रकम घटाकर 20 लाख रुपये कर दी गई. रिश्वत देने के बाद जौहरी ने घटना के बारे में सीबीआई से संपर्क किया.
दिल्ली से हुई अधिकारी की गिरफ्तारी
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि ईडी अधिकारी को दिल्ली के लाजपत नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया. सीबीआई ने जौहरी की मदद से आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया और गिरफ्तारी किया. गौरतलब है कि अगस्त 2023 में सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में दिल्ली के व्यवसायी अमन ढल्ल को बचाने के लिए 5 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में ईडी के एक सहायक निदेशक सहित छह अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया था.