T20 World Cup 2026

'साबित करें कि आप हिंदुओं, हिंदी भाषी राज्यों के खिलाफ नहीं हैं', राहुल गांधी पर के कविता का निशाना

कविता ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत जोड़ो यात्रा के बारे में बहुत सारे बयान देते रहते हैं, जहां वह लगातार देश को एकजुट करने की कोशिश की बात करते हैं. लेकिन ये सिर्फ एक पीआर स्टंट की तरह लगता है.

Om Pratap

BRS MLC K Kavitha on Congress MP rahul gandhi: भारत राष्ट्र समिति (BRS) की एमएलसी और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर की बेटी के कविता ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है. दरअसल, के कविता ने डीएमके नेता दयानिधि मारन की विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया न आने को लेकर राहुल पर निशाना साधा.

कविता ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा एक पीआर स्टंट की तरह लग रही थी. उन्होंने डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की ओर से सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों पर राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया. बता दें कि कांग्रेस और डीएमके विपक्षी I.N.D.I.A गठबंधन में गुट में सहयोगी हैं.

दयानिधि मारन ने दिया था ये बयान

दयानिधि मारन का एक बयान वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग तमिलनाडु आते हैं और निर्माणकार्य के साथ-साथ सड़कों और शौचालयों की सफाई करते हैं. उनके इस बयान पर काफी विवाद हुआ है. हालांकि दयानिधि मारन का ये बयान 2019 का बताया जा रहा है. 

दयानिधि मारन सोशल मीडिया पर वायरल पुरानी क्लिप में, उन लोगों की तुलना की जिन्होंने अंग्रेजी सीखी और जिन्होंने केवल हिंदी सीखी. उन्होंने कहा कि पहले वाले (अंग्रेजी सीखने वाले) आईटी कंपनियों में चले गए जबकि दूसरे (हिंदी सीखने वाले) ने छोटी नौकरियां कीं. 

कविता बोलीं- ऐसे बयान बिगाड़ देंगे देश का ताना-बाना

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कविता ने कहा कि ये किसी एक विशेष पार्टी के विचारों के बारे में नहीं है, यह इस बारे में है कि इस प्रकार के बयान हमारे देश के ताने-बाने को कैसे बिगाड़ने वाले हैं और यह विशेष पार्टी किस गठबंधन का हिस्सा है. यह एक है इंडिया ब्लॉक का हिस्सा, जिसका नेतृत्व राहुल गांधी की कांग्रेस कर रही है.

कविता ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत जोड़ो यात्रा के बारे में बहुत सारे बयान देते रहते हैं, जहां वह लगातार देश को एकजुट करने की कोशिश की बात करते हैं. लेकिन ये सिर्फ एक पीआर स्टंट की तरह लगता है, क्योंकि उन्हें तब खड़ा होना चाहिए था, बोलना चाहिए था जब सनातन धर्म को लेकर उदयनिधि स्टालिन ने टिप्पणी की थी और हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी.

कविता बोलीं- राहुल गांधी को देना चाहिए स्पष्टीकरण

कविता ने कहा कि राहुल गांधी को अगले साल लोकसभा चुनाव करीब आने पर अपने सहयोगियों की ओर से की गई विवादास्पद टिप्पणियों के बारे में बयान देकर देश के लोगों को स्पष्टीकरण देना चाहिए. कविता ने कहा कि आप अब लोगों को जवाब देना शुरू क्यों नहीं करते? आपको बयान देना चाहिए और देश को स्पष्ट करना चाहिए कि आप हिंदुओं, मजदूरों या हिंदी भाषी राज्यों के खिलाफ नहीं हैं.