IMD Weather

तीसरी मंजिल से गिरा 13 साल का बच्चा, लोहे का रॉड कंधे में घुसकर मुंह से निकला बाहर; जानें कैसी है अभी उसकी स्थिति

सूरत में 13 वर्षीय बच्चे के कंधे में लोहे की सरिया घुसकर मुंह से बाहर निकल गई, लेकिन डॉक्टरों ने सफल सर्जरी कर उसकी जान बचा ली. बच्चा तीसरी मंजिल से गिर गया था और फिलहाल आईसीयू में इलाज चल रहा है.

Pinterest
Km Jaya

सूरत: गुजरात के सूरत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 13 साल का एक बच्चा गंभीर हादसे का शिकार होने के बावजूद सुरक्षित बच गया. बच्चे के कंधे में लोहे की सरिया घुस गई और मुंह से बाहर निकल आई, लेकिन डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई और सफल सर्जरी के कारण उसकी जान बच गई.

जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे की पहचान नाजिश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और सूरत के दारुल उलूम मेहमूदिया मदरसे में पढ़ाई करता है. बताया जा रहा है कि कक्षाएं समाप्त होने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ पास की एक मस्जिद की तीसरी मंजिल पर खेलने गया था.

कैसे हुआ हादसा?

इसी दौरान नाजिश ने मस्जिद की ऊपरी मंजिल से पास में बन रही इमारत की ओर छलांग लगाने की कोशिश की लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया. गिरते समय निर्माण स्थल पर लगी लोहे की खुली सरिया उसके कंधे में घुस गई और मुंह से बाहर निकल आई.


हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सरिया को काटा और बच्चे को उसी हालत में सूरत सिविल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल की इमरजेंसी टीम ने तुरंत बच्चे को स्थिर किया और अंदरूनी चोटों का पता लगाने के लिए सीटी स्कैन कराया.

कैसी थी बच्चे की स्थिति?

बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्लास्टिक सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया टीम सहित कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाई गई. डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चे को सुरक्षित तरीके से एनेस्थीसिया देना था, क्योंकि लोहे की सरिया मुंह के रास्ते बाहर निकली हुई थी और सांस की नली तक पहुंचना मुश्किल था.

डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक बच्चे की सांस का रास्ता सुरक्षित किया और करीब एक घंटे तक चली सर्जरी में सरिया को सफलतापूर्वक निकाल दिया. सर्जरी के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि शरीर की बड़ी रक्त वाहिकाओं को कोई नुकसान न पहुंचे.

ईएनटी विशेषज्ञों ने लार ग्रंथि और गर्दन की मांसपेशियों में हुई मामूली चोट का भी उपचार किया. फिलहाल बच्चा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा.