गोवा विधानसभा चुनाव से पहले E20 पेट्रोल का मुद्दा राजनीतिक बहस में आ गया है. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर पांच दिन में एथेनॉल मिले पेट्रोल पर रोक लगेगी. उन्होंने E20 से वाहन और माइलेज प्रभावित होने का दावा किया, जिसे केंद्र सरकार खारिज कर चुकी है.
गोवा में आयोजित टाउनहॉल कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर 10 मार्च 2027 के बाद गोवा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, तो पांच दिन के अंदर एथेनॉल मिले पेट्रोल की बिक्री रोक दी जाएगी. केजरीवाल ने दावा किया कि गोवा में बड़ी संख्या में लोग E20 के इस्तेमाल से परेशान हैं. उन्होंने लोगों से चुनाव में बीजेपी को हराने की अपील करते हुए कहा कि अगर उनकी बात गलत साबित हुई तो वह राजनीति छोड़ने तक की बात पर तैयार हैं.
केजरीवाल ने E20 पेट्रोल को लेकर आरोप लगाया कि इससे वाहनों के इंजन और फ्यूल सिस्टम पर असर पड़ रहा है और माइलेज भी कम हो रहा है. उन्होंने कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर हजारों WhatsApp मैसेज और सोशल मीडिया कमेंट मिले हैं. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि एथेनॉल बनाने के लिए बड़ी मात्रा में गन्ने का इस्तेमाल होने से चीनी की कीमतों पर भी असर पड़ा है. केजरीवाल का कहना है कि करीब 25 लाख टन चीनी के बराबर गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर भेजा गया है.
E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार विपक्ष के इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुकी है. सरकार का कहना है कि चीनी की कीमत बढ़ने के लिए उद्योग को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और घरेलू जरूरत पूरी करने के लिए देश में पर्याप्त चीनी का स्टॉक मौजूद है. ऐसे में E20 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. गोवा चुनाव से पहले यह मुद्दा वाहन मालिकों और आम लोगों के बीच चर्चा में है.