'AAP ये काम कर दे तो...', अब आम आदमी पार्टी से गठबंधन करेगी दुष्यंत चौटाला की JJP?
Dushyant Chautala: हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि उनकी पार्टी JJP अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन कर सकती है लेकिन उसके लिए एक शर्त है. बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी AAP और JJP का गठबंधन हुआ था लेकिन कोई कामयाबी न मिलने के बाद यह गठबंधन टूट गया था.
हरियाणा में विधानसभा चुनाव का ऐलान होते ही नए सिरे से समीकरण बनने लगे हैं. चुनाव से कुछ महीने पहले ही दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गठबंधन टूट गया था. चुनाव का ऐलान होते ही जेजेपी के 10 में से 7 विधायकों ने पाला बदल लिया और दुष्यंत चौटाला लगभग अकेले पड़ गए. अब चर्चाएं हैं कि हरियाणा के विधानसभा चुनाव के लिए अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) और JJP साथ आ सकती हैं. हालांकि, दुष्यंत चौटाला ने इसके लिए एक शर्त भी रखी है. रोचक बात है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन एक भी सीट पर कामयाबी नहीं मिली थी.
2019 में आम आदमी पार्टी और जेजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए हाथ मिलाया था. इस गठबंधन के तहत जेजेपी ने 7 और AAP ने हरियाणा की 3 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे. हालांकि, दोनों ही दलों को कोई कामयाबी नहीं मिली. नतीजा यह हुआ कि लोकसभा चुनाव के नतीजे आते ही दोनों दलों की राहें जुदा हो गईं. विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग उतरे और 10 सीटें जीतने वाली जेजेपी किंगमेकर बनकर उभरी और उसी के सहयोग से हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर ने सरकार बनाई.
क्या है दुष्यंत चौटाला की शर्त?
अब अकेली पड़ चुकी JJP के नेता भी गठबंधन के इच्छुक दिख रहे हैं. वहीं, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाली आम आदमी पार्टी पहले ही कह चुकी है कि वह विधानसभा में अकेले चुनाव लड़ेगी. दूसरी तरफ जेजेपी भी अब अकेली है, ऐसे में दोनों के साथ आने के आसार बन रहे हैं. सूत्रों के हवाले से इसके बारे में दुष्यंत चौटाला भी तैयार हैं लेकिन वह एक शर्त रख रहे हैं. वह चाहते हैं कि AAP पूरी तरह से कांग्रेस से अलग हो जाए. वैसे भी कांग्रेस और AAP अब दिल्ली में भी आमने-सामने ही हैं, ऐसे में इस नए गठबंधन में अड़चन नहीं आनी चाहिए.
गठबंधन के बारे में दुष्यंत चौटाला का कहना है, 'अभी तक गठबंधन को लेकर किसी से कोई बातचीत नहीं हुई. स्थायी सरकार चाहने और चलाने वाले दलों के साथ गठबंधन किया जा सकता है. AAP के साथ भी गठबंधन किया जा सकता है लेकिन AAP को पहल करनी होगी. फिलहाल, JJP सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है.'
JJP अगले महीने बैठक करने जा रही है जिसमें उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जा सकता है. यह भी कहा जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा युवा उम्मीदवारों को चुनाव में उतारा जाएगा. साथ छोड़कर जाने वालों के बारे में दुष्यंत चौटाला का कहना है कि उन्हें मान-सम्मान देने में कोई कमी नहीं रखी गई लेकिन पार्टी छोड़ने की वजह क्या है, वही जानते हैं.
और पढ़ें
- एयरपोर्ट पर देवदूत बना CISF, शख्स को पड़ा दिल का दौड़ा, टीम ने ऐसे बचाई जान
- आतंकी संगठन अलकायदा मॉड्यूल का भंडाफोड़; झारखंड से राजस्थान तक ATS की छापेमारी, हथियार बरामद, कई गिरफ्तार
- 'बहस में सोशल मीडिया न घुसेड़ो..' कोलकाता रेप केस की सुनवाई के दौरान क्यों आया CJI चंद्रचूड़ को गुस्सा? पढ़ें एक-एक डीटेल