Weather Update: देशभर में मानसून अपना असर तेज कर रहा है. भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं और आंधी-तूफान भी चल सकते हैं.
दिल्ली और आसपास के इलाकों में 6 से 8 जुलाई तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है. कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान में गिरावट आएगी और उमस कम होगी. यातायात पर असर पड़ सकता है.
यूपी के कई जिलों जैसे मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, ललितपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर आदि में 6 से 8 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है. गरज-चमक और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है. वहीं, पंजाब में 6 से 9 जुलाई तक बारिश और आंधी का अलर्ट है. अमृतसर, लुधियाना, जालंधर आदि शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
बिहार में 6 से 8 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का खतरा है. वहीं, राजस्थान में 6 से 10 जुलाई तक हल्की से भारी बारिश का अलर्ट है. जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर आदि जिलों में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
हिमाचल में 6 से 11 जुलाई तक बारिश का अलर्ट है. शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा आदि जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा है. वहीं, उत्तराखंड में 6 से 11 जुलाई तक व्यापक बारिश का अलर्ट है. देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार आदि जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है. चारधाम यात्रा पर जाने वालों को सतर्क रहने की सलाह है.