13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
देशभर में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं, लेकिन मौसम विभाग ने अब एक नई चेतावनी जारी कर दी है. 27 जून को 13 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक का खतरा है.
नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं, लेकिन मौसम विभाग ने अब एक नई चेतावनी जारी कर दी है. 27 जून को 13 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक का खतरा है. हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं. लोगों से कहा गया है कि वे बेहद सावधानी बरतें क्योंकि तेज हवाओं से बड़े-बड़े पेड़ उखड़ सकते हैं और बिजली गिरने का भी खतरा है.
किन राज्यों में खतरा?
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में यह अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी राज्यों में बिजली गिरने की भी चेतावनी है.
दिल्ली का मौसम:
दिल्ली में 27 जून को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हवा 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती है. अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री रहने की संभावना है.
Also Read
उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा हाल:
यूपी में आगरा, मथुरा, प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, अयोध्या समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का खतरा है. हवा 65-70 किमी/घंटा तक चल सकती है. लखनऊ में तापमान 41 डिग्री तक जा सकता है. वहीं, बिहार की बात करें तो 27-28 जून को पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होगी. 70 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलेंगी. पटना में तापमान 38 डिग्री रहेगा. झारखंड की बात करें तो रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है.
उत्तराखंड और अन्य राज्य:
उत्तराखंड में 28 जून को कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का खतरा है. अन्य राज्यों की बात करें हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है.